- जिला पंचायत से बन रही सड़क के निर्माण का मौके पर पहुंचकर डीएम ने देखी गुणवत्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। डीएम डॉ. राजागणपति आर ने सड़क की गुणवत्ता की हकीकत जानने के लिए सदर तहसील क्षेत्र के मोहपुर में जिला पंचायत से निर्मित सीसी रोड का निरीक्षण किया। जांच में सड़क गुणवत्ता विहीन पाई गई। इस पर डीएम ने पांच प्रतिशत धन की कटौती के निर्देश दिए। कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने बृहस्पतिवार को जिला पंचायत की ओर से निर्मित ग्राम मोहनापुर, तहसील नौगढ़ समय माता स्थान से हरैया तक सीसी सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर की ओर से रोड की लंबाई, चौड़ाई को नपवाकर देखा गया जो मानक अनुसार ठीक पाया गया। सड़क की गुणवत्ता को खोदवाकर देखा गया जो मानक के अनुसार गुणवत्ता न मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए पांच प्रतिशत कटौती करते हुए निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समय से पूर्ण कराएं। कहा कि कार्य में किसी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी। इस अवसर पर अवर अभियंता शीतल प्रसाद शर्मा भी मौजूद रहे।