जर्जर पड़ी जोगिया से नादेपार जाने वाली सड़क। संवाद
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
गिट्टी डाल छोड़ी सड़क, राहगीरों की बढ़ी सांसत
सिद्धार्थनगर/जोगिया। जोगिया क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में शामिल जोगिया-नादेपार मार्ग पर गिट्टियां डालकर छोड़ दी गई हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जोगिया से मझवन तक निर्मित हो रही 9.50 किमी सड़क पर वर्तमान में कार्य बंद है। सड़क पर बिखरी गिट्टियों के कारण राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण कराने की मांग की है।
जोगिया से नादेपार जाने वाली सड़क आगे जाकर शोहरतगढ़ कस्बे को जोड़ती है। ब्लॉक क्षेत्र के सौ से अधिक गांवों को जोड़ने वाली यह प्रमुख सड़क है। इससे प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है। वर्तमान में इस मार्ग पर जोगिया से मझवन तक 9.50 किमी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसमें कुछ दूरी तक ठेकेदार ने गिट्टियां बिछाकर छोड़ दी है। इससे सड़क से गुजरने वाले वाहनों को सांसत झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी दीनदयाल, भरतराम और रामशंकर का कहना है कि इस मार्ग पर बिछी गिट्टियों से होकर गुजरने के दौरान बाइक सवार अक्सर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। लोगों ने सड़क निर्माण कार्य जल्द पूर्ण कराने की मांग की है। आरईडी के अधिशासी अभियंता आरएन सोनकर ने कहा कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करा दिया जाएगा।
पांच किमी तक गड्ढे ही गड्ढे
इस सड़क पर चार किमी तक गिट्टियां बिछाने के बाद आगे बढ़ने पर शेष सड़क में गड्ढे ही गड्ढे नजर आते हैं। इसमें से होकर वाहनों को हिचकोले खाते गुजरना पड़ता है। इससे बाइक सवार राहगीरों को कमर दर्द की समस्या उत्पन्न हो रही है। कई बार चार पहिया वाहनों के पहिए भी इन गड्ढों में फंस जाते है, जिससे वाहन भी क्षतिग्रस्त हो जाते हैं।