ट्रैक्टर पलटा, दबने से चालक की मौत
ऊंचाई पर ट्रैक्टर-ट्राली चढ़ाते वक्त हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
परसा। ऊंची जगह पर चढ़ाने के प्रयास में ट्रैक्टर के अगले पहिए उठने से चालक की ट्रॉली और ट्रैक्टर के बीच फंस कर मौत हो गई। ढेबरुआ थानाक्षेत्र के पचऊध में ईंट-भट्ठा है। ईंट पाथने के लिए पीली मिट्टी कठेला से लायी जाती है। बृहस्पतिवार देर रात मिश्रौलिया थानाक्षेत्र के भगवतपुर के रहने वाले 42 वर्षीय संजूर आलम ट्रैक्टर-ट्राली पर पीली मिट्टी लादकर पचऊध भट्ठे पर ला रहे थे। भट्ठे के पास काफी ऊंचाई होने पर ट्रैक्टर-ट्राली के ऊंचाई पर चढ़ने के दौरान ट्रैक्टर के अगले पहिए उठ गए। चालक संजूर आलम ड्राईविंग सीट से गिरकर ट्रैक्टर और ट्राली के बीच में फंस गए। ट्राली और ट्रैक्टर की बॉडी के बीच दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ढेबरुआ थाना प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।