जोगिया क्षेत्र के धनगढिया में अस्थाई गौशाला का निरीक्षण करती बीडीओ संगीता यादव। संवाद
सिद्धार्थनगर। जोगिया ब्लॉक क्षेत्र के धनगढिय़ा गांव में बीडीओ संगीता यादव ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्या को सुनकर संबंधित विभाग के लोगों को निस्तारण कराने को कहा। उन्होंने कहा कि चौपाल का मुख्य उद्देश्य है कि ग्रामीण स्तर की समस्या को गांव स्तर पर ही निस्तारण करा दिया जाए।
क्षेत्र के धनगढिय़ा गांव में आयोजित चौपाल में विधवा, वृद्धा, विकलांग पेंशन, पीएम किसान निधि योजना, राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं के बारे में शिकायत की। कुछ लोगों ने पशुशेड बनवाने की मांग की। उन्होंने धनगढिय़ा गांव में बनी अस्थायी गोशाला का भी निरीक्षण कर साफ -सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। ग्राम पंचायत भपसी में एडीओ पंचायत ओमप्रकाश चौधरी ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को को सुनकर उनका निस्तारण कराने को कहा। यहां पर उपस्थित संगीता, गुडिय़ा, शिवपूजन, सकुंतला शभावती, रामकेश, राम उजागिर आदि ने आवास की मांग की। वहीं, भपसी गांव की कैलाशी पत्नी मोतीलाल ने बैजनथा सरहद से नौखान तक नाली निर्माण कराने की मांग की। श्याम लाल, प्रहलाद कैलाशी, रामप्रसाद आदि लोगों ने पेंशन बनवाने की मांग की। इसी गांव के लोगों ने भपसी से सोनवली मार्ग पर भपसी विद्यालय के पास बना पुल बाढ़ के पानी द्वारा क्षतिग्रस्त हो गया था। उसको बनवाने की मांग की जिससे यहां पर लोगों को आने-जाने में सुविधा मिल सके। यहां पर लोगों ने बाढ़ के पानी की ओर से क्षतिग्रस्त हुए फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की। इस दौरान यहां पर सचिव मुस्तफा, अखिलेश कुमार पांडेय, अभिषेक त्रिपाठी, सिंचाई विभाग के रमेश सिंह, प्रधान प्रतिनिधि ओमप्रकाश जायसवाल, प्रधान पंकज कुमार, विवेक कुमार पांडेय, सहायक पंचायत विश्वनाथ, पशु चिकित्सा अधिकारी प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।