सिद्धार्थनगर। पिछले दिनों टमाटर के दाम आसमान छू गए थे। जिसके बाद टमाटर लोगों की पहुंच से दूर हो गया था, लेकिन राहत की बात यह है कि अब टमाटर के दाम 60 प्रतिशत तक घट गए हैं। थोक में 25 किलो टमाटर की कैरेट 11 सौ रुपये में बिक रही है तो फुटकर में टमाटर 80 रुपये किलो बिक रहा है। ऐसे में घर की रसोई व होटल ढाबों पर दाल और सब्जी में टमाटर का तड़का लग सकेगा। गृहणियों ने भी इसे राहत भरी बात कही है। बताया जा रहा है कि बिस्कोहर सहित अन्य क्षेत्राें में बंगलुरु का टमाटर पहुंच रहा है।
पिछले कुछ दिनों से सब्जियों के जायके से गायब हुए टमाटर का तड़का अब फिर लगेगा। वजह पिछले कुछ दिनों से आसमान छू रहे टमाटर के दाम अब कम होना शुरू हो गए हैं। पहले जहां फुटकर में टमाटर की कीमत 200 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई थी। वहीं अब साठ फीसदी की कमी टमाटर की कीमतों में दर्ज की गई है। टमाटर के दाम बढ़ने के कारण जहां आम आदमी की थाली और रसोई से टमाटर गायब हुआ था, वहीं बड़े अथवा ब्रांडेड रेस्टोरेंट ने भी टमाटर के बढ़ते दामों को देखकर उसको परोसने से तौबा कर ली थी।
सब्जी आढ़ती नियाज व फरमान राईनी ने बताया कि पहले जहां 25 किलो टमाटर की कैरेट 37 सौ से चार हजार रुपये तक बिकी। वहीं अब 1100 से 1200 रुपये प्रति कैरेट तक टमाटर थोक के भाव बिक रहा है। फुटकर की बात करें तो बाजार में भी टमाटर के दामों में साठ फीसदी की कमी दर्ज हुई है। फुटकर में टमाटर 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। आढ़ती फरमान ने बताया कि बंगलुरु से टमाटर की आवक शुरू होने के बाद दामों में कमी आई है। उन्होंने आने वाले समय में टमाटर के दाम में और भी कमी होने की संभावना जताई है।
-
अब सब्जी का जायका बढ़ाएगा टमाटर
सब्जी के तड़के और जायके से दूर रहा टमाटर अब फिर से महिलाओं की रसोई में दिखाई देना शुरू हो गया है। दाम अधिक होने के कारण बाजार से भी टमाटर गायब हो गया था और कुछ ही सब्जी विक्रेताओं की दुकान की शोभा बढ़ा रहा था। लेकिन अब दाम में कमी होने के कारण टमाटर आम आदमी की पहुंच में आना शुरू हो गया है। गृहणी गीता कौशल, मीरा रावत, सरोज कश्यप, गीता कश्यप, ज्ञान कुमारी गुप्ता, मुन्नी जायसवाल का कहना है कि दाम अधिक होने के कारण टमाटर लाना बंद कर दिया था। लेकिन अब टमाटर रसोई में खाने का जायका बढ़ा रहा है।
-
सब्जियों के दामों में आई गिरावट
फुटकर सब्जी विक्रेता कल्लू राईनी व अजीज राईनी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से महंगाई की मार दे रहे शिमला मिर्च, टमाटर, अदरक, बैंगन, गोभी, परवल आदि के दामों में अब कमी आई है। महंगाई के चलते लोगों ने इनकी खरीदारी भी कम कर दी थी। लेकिन दाम में कमी होने के कारण अब कुछ बिक्री में तेजी आई है।
-
सब्जी दाम पहले दाम अब
टमाटर 200-220, 70-80
बैंगन 40-50, 30-25
शिमला मिर्च 100, 80
अदरक 250, 200
फूल गोभी 100, 80
परवल 80, 50
लौकी 40, 30
करैला 50, 35
भिंडी 40, 25
बोडा 50,30
तरोई 40, 15
दाम रुपये प्रति किलो में