डुमरियागंज तहसील में अगलगी में नुकसान हुई फसलों का दिया गया मुआवजा
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में अगलगी की घटनाओं में किसानों की नुकसान हुई फसल का मुआवजा प्रशासन ने वितरित करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को तहसीलदार और मंडी सचिव ने 37 किसानों में 3.9 लाख रुपए के राहत चेक वितरित किए।
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर रमवापुर, बभनी, रमवापुर जगतराम, शाहपुर, परसा, सेखुइ सेनापति आदि में आगजनी की घटनाएं हुईं थीं। इस पर एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित ने आगजनी से पीड़ित किसानों को ऑनलाइन आवेदन कर सहायता राशि प्राप्त करने केे लिए कहा था। इसी क्रम में गांव के लोगों की ओर से ऑनलाइन आवेदन किए गए।
जिसका निस्तारण तहसीलदार डुमरियागंज संतरा सिंह बघेल और मंडी सचिव के माध्यम से करवा कर उप जिलाधिकारी ने 3.9 लाख रुपये की राहत चेक के माध्यम से कृषकों को वितरित किया। साथ में तहसीलदार डुमरियागंज तथा मंडी सचिव को निर्देशित किया। यदि किसी किसान की फसल आगजनी आदि के कारण नष्ट हो गई है तो उसे जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन करवाएं व जांच करा कर किसानों को राहत राशि दिलवाएं। ताकि आगजनी से पीड़ित कोई भी किसान इस लाभ से वंचित न रह जाए। इस दौरान नायब तहसीलदार महबूब आलम आदि मौजूद रहे।