भनवापुर के रमवापुर उर्फ नेबुआ के पास राप्ती नदी की कटान से बांध को बचाने के लिए पेड़ की डालियों का
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
घटती राप्ती ने बांध के पास तेज की कटान, शाहपुर-भोजपुर बांध पर मंडराया खतरा
शाहपुर। जलस्तर घटने के साथ ही राप्ती नदी तेजी से कटान कर रही है। इससे भनवापुर ब्लॉक के ग्राम रमवापुर उर्फ नेबुआ के पास शाहपुर-भोजपुर बांध पर खतरा मंडराने लगा है। नदी की तेज धार से आधे बांध के कट जाने से बाढ़ की आशंका में सात से अधिक गांवों के लोग सहमे हुए हैं।
चार दिन की बारिश के बाद खतरे के लाल निशान के करीब पहुंच चुकी राप्ती नदी का जलस्तर तीन दिन से घटने लगा है, लेकिन इसके साथ नदी के किनारे कटान शुरू हो गई है। बाढ़ की त्रासदी से बचने के लिए अर्द्धनिर्मित शाहपुर-भोजपुर परियोजना के रमवापुर उर्फ नेबुआ गांव के सिवान से पेड़ारी गांव के सिवान में मौजूद बांध के गैप को भर दिया गया है। जबकि घट रही राप्ती नदी के जद में आने से बांध आधे से अधिक कट गया है। इससे आसपास के सात से अधिक गांवों की 15 हजार की आबादी भयभीत है।
वहीं सिंचाई निर्माण खंड के कर्मचारी पेड़ की टहनियों को रस्सी से बांधकर कटान स्थल पर डालकर कटान रोकने की जद्दोजहद कर रहे हैं। धनोहरा निवासी झिनकू चौधरी, रामपाल, सुकई, सुबाष, बिजय कुमार ने कहा कि बांध का गैप भर जाने से राहत मिली थी, लेकिन शुरुआत में ही कटान देख बाढ़ का भय सताने लगा है। लोगों ने कटान को रोकने और बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। डुमरियागंज एसडीएम अभिषेक पाठक ने बताया कि संबंधित विभाग को कटान रोकने का निर्देश कर दिए गए हैं।