पथरा। सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने मिठवल स्थित बाबा मटेश्वर नाथ शिव मंदिर में चौपाल लगाई। ग्रामीणों ने चौपाल में अपनी समस्याएं सुनाई और प्रार्थना पत्र सौंपा। विधायक ने 15 दिनों में सभी शिकायतों के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान कैंप लगाकर डेढ़ सौ विद्युत कनेक्शन भी वितरित किया गया। चौपाल में प्रदेश सरकार की सौगातों का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि नौ माह में ही इस विधानसभा क्षेत्र में दो नगर पंचायत सहित कई रचनात्मक कार्य हुए हैं। कपिलवस्तु महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री से डिडई चौकी को थाने में रूपांतरित करने व जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग रखी गई थी, जिस पर सीएम ने सहमति भी दे दी है। उन्होंने कहा कि पथरा बाजार व सेहरी बुजुर्ग को मिलाकर एक नई नगर पंचायत बनवाने और ब्लॉक मिठवल को विभाजित कर तिगोड़वा के रूप में नया ब्लाक बनवाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर बीडीओ विद्यामणि त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। एडीओ पंचायत दिलीप कुमार ने सभी से शौचालय बनवाने व जन्म व मृत्यु के पंजीयन संबंधी प्रक्रिया के बारे में बताया। नायब तहसीलदार केसरी नंदन तिवारी ने राजस्व से संबंधित जानकारियां देते हुए उसका लाभ को प्रेरित किया। चौपाल में विद्युत विभाग के एक्सईएन एसके त्रिपाठी, बीईओ पंकज मौर्य, विद्युत विभाग के जेई नित्यानंद ओझा, सीडीपीओ प्रियंका वर्मा, नीरज मणि त्रिपाठी, राजेंद्र तिवारी, हियुवा के जिला उपाध्यक्ष अजय वर्मा, हनुमंत प्रताप सिंह, लवकुश ओझा, मौलेश्वर नाथ त्रिपाठी, श्रीनाथ तिवारी, संजय कनौजिया, मुक्तिनाथ तिवारी, राधेरमण मिश्र, मनीष शुक्ल आदि मौजूद रहे।