सिद्धार्थनगर। मानसून की पहली बरसात में ही शहर की जलनिकासी व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। शनिवार को सोहांस तिराहे पर जलभराव होने से लोगों के घरों में पानी घुस गया। शहर के सबसे व्यस्त खजुरिया मार्ग के गड्ढों में जलभराव होने से सड़क पर पसरे कीचड़ में फिसलन के बीच गुजरना बाइक सवारों पर भारी पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, पीएचसी नौगढ़ व वन विभाग कार्यालय परिसर में जलभराव से लोग परेशान दिखे। वहीं बाढ़ से पहले ही शोहरतगढ़ व खेसरहा में दो स्थानों पर मार्ग कट गए।
पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश से शहर की जलनिकासी व्यवस्था ध्वस्त हो गई है, इससे कई मोहल्लों में जलभराव हो गया है। सोहांस तिराहे पर निर्माणाधीन तेतरी सोहांस लोटन मार्ग (राज्य मार्ग) पर पुरानी पुलिया हटाकर ह्यूम पाइप लगा देने जलनिकासी बाधित हो जाने से जलभराव हो गया। इससे आसपास के घर में पानी घुस गया। घर के बरामदे में जलभराव की समस्या से जूझते बुद्ध विद्या पीठ महाविद्यालय के प्रबंधक राजेश शर्मा का कहना था कि जलनिकासी के लिए बनी बड़ी पुलिया की जगह पाइप लगा देने से जलनिकासी बाधित हो गई है। उन्होंने नगर पालिका ईओ, एसडीएम से शिकायत करते हुए समस्या के निदान की बात कही। वहीं, शहर में स्थित सरकारी कार्यालयों में जलभराव से कर्मचारी समस्या से जूझते रहे। शहर की टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुकी प्रमुख सड़क खजुरिया रोड के गड्ढों में जलभराव और कीचड़ से पैदल, साइकिल, बाइक व कार चालक बचते हुए गुजरने के लिए मशक्कत करते दिखे। जलभराव से काशीराम आवास मार्ग, थरौली मार्ग और भीमापार मोहल्ले के लोग और राहगीर सांसत झेलते नजर आए।
बारिश ने बदली दिनचर्या
सिद्धार्थनगर। तीन दिन से बारिश से शहर के लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सुबह से हो रही बारिश के चलते लोग घर से सड़क पर निकलने से परहेज करते दिखे। इससे सड़कों पर बहुत कम लोग नजर आए। जरूरी कार्य होने पर ही लोग छाता लेकर अथवा भीगते हुए बाहर निकले। यहां तक कि जो स्कूल खुले हुए थे वहां भी अभिभावकों ने बच्चों को भीगने के डर से स्कूल नहीं भेजा। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों की संख्या भी कम रही।
24 घंटे में 177 एमएम हुई बारिश
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बीते 24 घंटे में जिले में औसत 177.7 एमएम बारिश हुई। इसमें जिले में सर्वाधिक बांसी में 219.6 एमएम बारिश हुई। जिला मुख्यालय पर 147 एमएम, डुमरियागंज में 185, ककरही में 211, शोहरतगढ़ में 114, उसका में 158.7 व इटवा में 170 एमएम बारिश हुई। ये आंकड़े शनिवार सुबह 8:30 बजे तक के हैं। जबकि सुबह 10 बजे तक बारिश हुई है। उन्होंने बताया कि अगले तीन से चार दिन तक मौसम ऐसे ही रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और रूक-रूक कर बारिश होती रहेगी। साथ ही पुरुवा हवा चलेगी।