सक्रिय हुआ मानसून, दो दिन और बारिश का पूर्वानुमान
-इटवा में हुई 50 मिमी बारिश, बदला मौसम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में सोमवार शाम हुई बारिश से लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिल गई। दिनभर बादल छा रहे, लेकिन दोपहर में हुई हल्की धूप ने तापमान बढ़ा दिया। इस कारण दोपहर बाद गर्मी व उमस शुरू हो गई। शाम को आसमान में घने बादल छा गए और इटवा सहित अन्य क्षेत्रों में हुई बारिश से उमस दूर हो गई।
इटवा क्षेत्र के सोहना में 50 मिमी बारिश रिकाॅर्ड किया गया है, जबकि सोमवार सुबह 8.30 बजे 13.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया था। मानसून सीजन में 694.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 930 मिमी है। जिले की बारिश फिलहाल 25 प्रतिशत कम हुई है।
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून द्रोणी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर चली गई है और सक्रिय भी है। बंगाल की खाड़ी से पूरे प्रदेश में पूर्वा हवाएं आ रही हैं और पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इस कारण दो दिन तक अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है।