सिद्धार्थनगर। बलरामपुर जिले से आई रेलवे पुलिस की टीम ने बृहस्पतिवार को इटवा थाने के मस्जिदिया गांव के पास अनियमित तरीके से रेलवे टिकट बना रहे तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए बलरामपुर ले गई है। तीन लोगों के पकड़े जाने के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
बलरामपुर से आए रेलवे पुलिस के इंस्पेक्टर श्यामराज के मुताबिक इटवा थाने के ग्राम भुतहवा, मैना व इटवा कस्बे के निवासी तीनों युवक एक लंबे अरसे से नियमों के विपरीत रेलवे टिकट निकालकर मनमाना मूल्य ले रहे थे। यह प्राय: अपना ठिकाना बदलकर इस कार्य को अंजाम दे रहे थे। बृहस्पतिवार को जानकारी मिली कि इटवा-बिस्कोहर मार्ग पर स्थित ग्राम मस्जिदिया के पास वन विभाग के पार्क में पांच युवक बैठे हुए हैं और रेलवे टिकट के लेनदेन की बात कर रहे हैं। क्राइम ब्रांच के प्रणय कुमार व तीन अन्य रेलवे पुलिस बल के साथ उक्त स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान दो भागने में सफल रहे और तीन को हिरासत में ले लिया गया है। तीनों युवकों के पास से दो बाइक ए तीन लैपटाप बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि इन पकड़े गए युवकों से पूछताछ करके मामले की जानकारी ली जाएगी।