सिद्धार्थनगर। कोटे पर मिलने वाला चावल बेचिए नहीं, इसे खाइए जनाब। क्योंकि यह फोर्टीफाइड युक्त है, जो सेहत के लिए बहुत ही अच्छा है। यह जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और गांव स्तर पर कार्य करने वाली इकाइयों उपभोक्ताओं के बीच जाकर देंगी। जिससे बेचने के बजाए लोग कोटे की दुकान में पर मिलने वाले चावल को खाएं, जिससे वह सेहतमंद रहें।
सरकार गरीबी रेख के नीचे जीवनयापन करने वालों परिवारों को खाने के लिए हर माह राशन देती है। इसमें पात्रगृहस्थी और अंत्योदय कार्ड दो प्रकार का बना हुआ है। जिसमें पात्रगृहस्थी में प्रति यूनिट पांच किलो की दर से राशन मिलता है। जबकि अंत्योदय कार्ड धारकों का 35 किलो निर्धारित है। सरकार उपभोक्ताओं को राशन खाने के लिए देती है, लेकिन अधिकांश लोग मोटा चावल होने के कारण बेच देते हैं। जबकि कोटे की दुकान पर आने वाले चावल फोर्टीफाइड है। जो सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद बताया जा रहा है।फोर्टीफाइड होने के कारण दिखने में थोड़ा मैला होने की वजह से लोग खाने के बजाए बेच देते हैं। उपभोक्ता राशन को बेचने के बजाए खाएं। इसके लिए सरकार ने प्रचार- प्रसार कराने की कवायद शुरू की है। लोगों को चावल की उपयोगिता बताने के लिए निर्देश हुआ। इसके बाद पूर्ति विभाग कोटेदारों और आंगनबाड़ी वर्कर और अन्य माध्यम से उपभोक्ताओं जागरुक करेंगे। उन्हें प्रेरित करेंगे कि यह चावल खाएं, उसे बेचें नहीं। यह शरीर को निरोग बनाने में मदद करेगा।
-
सेहत के लिए अच्छा है मोटा अनाज
सरकार राशन की दुकानों पर मोटा चावल उपलब्ध कराती थी। लेकिन सेहत को देखते हुए अब जो चावल वितरण कराया जा रहा है वह फोर्टीफाइड है। जानकारों के मुताबिक चावल पर आयरन, विटामिन बी-12, फॉलिक एसिड, जिंक, विटामिन ए व बी के मिश्रण की लेयर चढ़ती है। जिससे यह पॉलिस्टिक कोटेड दिखता है। एक क्विंटल सामान्य चावल में एक किलो फोर्टीफाइड चावल मिलाया जाता है।
-
जिले में हर माह वितरित होता है इतना गेहूं और चावल
सरकारी आकड़ों के मुताबिक जिले में हर माह 66236 क्विंटल के लगभग चावल और 41157 क्विंटल के लगभग गेहूं उपभोक्ताओं में वितरण होता है।
जिले में हैं इतने उपभोक्ता
सरकारी आकड़ों के मुताबिक जिले में पात्रगृहस्थी के कार्डधारकों की संख्या 3878276 है और 82385 अंत्योदय कार्ड धारक जिले में हैं। पात्र गृहस्थी की 1996129 यूनिट है।
-
बोले अधिकारी
कोटे की दुकान पर शतप्रतिशत राशन वितरण कराने कार्य किया जा रहा है। मौजूदा समय में फोर्टीफाइड चावल वितरण हो रहा है। जो सेहत के लिए अच्छा है। उपभोक्ताओं को इसके बारे में जागरूक किया जाएगा।
-बृजेश कुमार मिश्र, जिलापूर्ति अधिकारी सिद्धार्थनगर