- हिंदी विषय के सहायक अध्यापक अजय प्रकाश वर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी करने के लिए अब समय बहुत कम रह गया है। 22 फरवरी को पहले दिन हिंदी के प्रश्नपत्र से ही बोर्ड परीक्षा शुरू हो रही है। विद्यार्थी विषय की किस तरह से तैयारी कर अच्छे अंक ला सकते हैं। इसे लेकर छेदीलाल इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक अजय प्रकाश वर्मा ने कहा कि हिंदी में बिंदी, मात्रा और सुलेख का बड़ा महत्व होता है। परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थी निरंतर अभ्यास करें। विषय को रटकर नहीं, लिखकर याद करें, ऐसा करने से बेहतर अंक पाने में आसानी होगी। तनावमुक्त होकर आत्मविश्वास से परीक्षा की तैयारी करें।
-
बोले विषय विशेषज्ञ
अध्यायक अजय प्रकाश वर्मा ने बताया कि अक्सर विद्यार्थी हिंदी की तैयारी के लिए अन्य विषयों के मुकाबले कम समय देते हैं, लेकिन ऐसा करने से अच्छे अंक पाने में परेशानी आ सकती है। इसलिए विद्यार्थी अगर हिंदी को नियमित समय देकर तैयारी करें तो अच्छे अंक प्राप्त होंगे। इस बात का भी ध्यान रखें कि इस विषय के अंक परीक्षा परिणाम की श्रेणी सुधार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए हिंदी विषय की परीक्षा की तैयारी के लिए अन्य विषयों के बराबर समय दें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी पहले पाठ्यक्रम को समझें और रटने के बजाय लिखकर याद करें। इससे बिंदी, मात्रा का भी ज्ञान बढ़ेगा और सुलेख में सुधार होगा। हिंदी में उत्तर लिखने में शब्दों की बिंदी, मात्रा और सुलेख भी अच्छे अंक दिलाने में प्रभावशाली होते हैं। पिछले सालों के बोर्ड के प्रश्नपत्रों को हल करें। इससे परीक्षा के पैटर्न का पता चलेगा। महत्वपूर्ण लेखक, कवियों की रचनाएं, जीवन परिचय का अध्ययन करें। छोटे-छोटे प्रश्न और व्याकरण में संधि, समास, अलंकार आदि लिखकर अभ्यास करें।
उन्होंने बताया कि गद्य साहित्य की भूमिका और विधाएं एवं पद्य साहित्य की भूमिका और काल विभाजन में चार काल हैं, जिसमें आदि काल, भक्ति काल, रीति काल और आधुनिक काल यह चारों बहुत जरूरी हैं, क्योंकि इसमें से विकल्प के कम से कम दस प्रश्न आएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी रोजाना पढ़ाई का लक्ष्य निर्धारित करें और समय सारिणी बनाकर पढ़ाई करें। अगर किसी टॉपिक को समझने या अन्य किसी तरह की दिक्कत आती है, तो बिना हिचकिचाहट के अपने शिक्षक से मार्गदर्शन अवश्य लें। इस तरह से तैयारी करने से विद्यार्थियों को अच्छे अंक प्राप्त करने में आसानी होगी।
-
यह गुरु मंत्र आएगा काम
सटीक उत्तर अच्छे अंक प्राप्त करने की कुंजी है। प्रश्नों को भलीभांति समझ कर सटीक उत्तर लिखें। लेखन स्पष्ट एवं त्रुटि रहित रहे। महत्वपूर्ण बिंदुओं पर शीर्षक डालकर ही लिखें। प्रश्नोत्तर खंड वार एवं क्रमानुसार लिखें। उत्तर पुस्तिका पर राइटिंग साफ सुथरी लिखें। उत्तर पुस्तिका के अंत में अनुक्रमांक अवश्य लिखें। उत्तर पुस्तिका में कहीं पर नाम या कोई प्रतीक चिह्न न बनाएं।