भवानीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तेनुहार का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। भवानीगंज थाना क्षेत्र स्थित ग्राम तेनुहार के प्रधान महेंद्र कुमार चौधरी ने मोबाइल पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी मिलने की शिकायत पुलिस से की है। ग्राम प्रधान ने बताया कि वह सोमवार रात डुमरियागंज से घर लौट रहे थे। इसी बीच मोबाइल की घंटी बजी तो बाइक रोक कर फोन रिसीव किया। अनजान नंबर से आया फोन रिसीव करने पर दूसरी तरफ से एक शख्स ने गाली देना शुरू कर दिया, जिसके बाद उन्होंने फोन काट दिया। थोड़ी देर बाद फिर उसी नंबर से फोन आया और शख्स ने फिर जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। प्रधान ने बताया कि धमकी के बाद फोन बंद कर दिया, लेकिन कुछ देर बाद फोन ऑन किया तो वाट्सएप पर धमकी भरा मैसेज उसी नंबर से मिला। इस संबंध में एसओ शिवनारायण सिंह ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।