बांसी-नौगढ़ विद्युत लाइन मरम्मत के लिए दो दिन कटेगी बिजली
सिद्धार्थनगर। बांसी नौगढ़ लाइन में आए दिन फॉल्ट से शहर सहित आधे जिले की बिजली गुल हो रही है, जबकि दूसरी ओर बनाई जा रही फरेंदा नौगढ़ लाइन का कार्य मुआवजे के पेच में अटक रहा है। दो दिन आई फॉल्ट के बाद बिजली निगम ने बुधवार से दो दिन सुबह बिजली कटौती करके मरम्मत कार्य करेगा ताकि नवरात्रि में लगातार बिजली आपूर्ति की जा सके।
बांसी नौगढ़ लाइन में फॉल्ट आने के बाद शहर क्षेत्र, उसका बाजार, रेहरा, शोहरतगढ़, बर्डपुर एवं पकड़ी बाजार क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। दोनों दिन सुबह 7:30 बजे से दो घटे इंसुलेटर व अन्य उपकरणों की मरम्मत की जाएगी। इस दौरान शहर के 19 हजार एवं ग्रामीण क्षेत्र में एक लाख उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संयुक्त जिला अस्पताल की आपूर्ति बाधित होती है, इस कारण ऑपरेशन टालने की नौबत भी आ जाती है, जबकि बिजली के सहारे व्यावसायिक कार्य करने वाले लोगों को कारोबार प्रभावित होता है।
बिजली कटने पर होती है पानी की समस्या
बिजली निगम के अधिशासी अभियंता आरके कुशवाहा ने बताया कि 25 सितंबर की रात 11:30 बजे और 26 सितंबर को सुबह 9:30 बजे बिजली ट्रिप होने के बाद मरम्मत कार्य कराने का निर्णय लिया गया है। इसके पहले 19 अगस्त को 18:30 घंटे, 28 अगस्त को 11 घंटे बिजली कटौती के कारण घरों में पानी का संकट हो गया था। लाइन की मरम्मत के दौरान 31 अगस्त को आठ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही, उसके बाद एक और चार सितंबर को भी आपूर्ति बाधित करके मरम्मत कार्य किया गया था।
आज मौके पर जाएंगे एसडीएम
बिजली निगम के अधिशासी अभियंता विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फरेंदा नौगढ़ रूट पर 40 किमी लाइन बनाई जा रही है। इस लाइन के बनने के बाद बांसी नौगढ़ लाइन में फॉल्ट आने पर दूसरी ओर से आपूर्ति दी जा सकेगी। 132 टॉवर में 24 टॉवर बनाने का कार्य नहीं हुआ है। यह कार्य दो माह में हो सकता है, लेकिन कुछ किसानों के अग्रिम मुआवजा मांगने के कारण कार्य बाधित हो रहा है। इस मामले में बुधवार को एसडीएम नौगढ़ प्रदीप यादव मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराने वाले हैं।