जिले में चिह्नित 69 क्रिटिकल बूथ हैं, जहां प्रशासन की नजर
अतिरिक्त सुरक्षा बल के साथ ही होगा वेब कास्टिंग
कौन बिगाड़ सकता है माहौल, चिन्हित करने के साथ ही पुलिस करेगी जागरूक
एसडीएम, सीओ और तहसीलदार जाकर गांव का करेंगे विजिट
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। जिले में 69 ऐसे बूथ चिह्नित हैं, जिन्हें क्रिटिकल श्रेणी में रखा गया है। यहां शांतिपूर्ण मतदान कराना पुलिस का लक्ष्य है। इसलिए इन गांवों में एसडीएम, सीओ और अन्य तहसील स्तरीय अधिकारी ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। इनसे भयमुक्त होकर मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाएगा जो चुनाव में माहौल खराब कर सकते हैं। इसके साथ ही इन मतदान केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा और वेब कास्टिंग भी कराई जाएगी। जिससे चुनाव के दौरान अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई की जा सके।
लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने और लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराना पुलिस का लक्ष्य है। जिले में 1606 मतदान केंद्र और 2178 बूथ हैं। इसमें 69 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जिन्हें क्रिटिकल की श्रेणी में रखा गया है। जहां 25 मई को मतदान होगा। भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस की ओर से पाबंद करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी के साथ क्रिटिकल श्रेणी के मतदान केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की विशेष नजर है।
यह इसलिए इस श्रेणी में रखे गए हैं। यहां मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है। ऐसे में इन मतदान केंद्रों पर अधिक से अधिक मतदान, भयमुक्त और विवाद मुक्त चुनाव संपन्न हो सके। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, सीओ, कोतवाल संबंधित गांव में जाना शुरू किए हैं। यह लोगों से वार्ता कर रहे हैं। यहां मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने के लिए प्रेरित करने के साथ ही चुनाव के दौरान किससे माहौल खराब हो सकता है। इसके बारे जानकारी ले रहें हैं। उनका नाम सहित अन्य जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। जिससे मतदान के दौरान या उससे पहले अगर कोई गड़बड़ी होती तत्काल संबंधित व्यक्ति को पकड़कर पुलिस कार्रवाई करेगी।
त्रिस्तरीय सुरक्षा का घेरा रहेगा, होगी वेब कास्टिंग
मतदान के दिन सभी क्रिटिकल बूथों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा। मतदान केंद्र अंदर और बाहर फोर्स तैनात रहेगी। इसके साथ ही चुनाव ड्यूटी में स्पेशल अधिकारी तैनात रहेंगे। जो भ्रमण करके सुरक्षा का जायजा लेते रहेंगे। इसके साथ ही वेब कास्टिंग की जाएगी। हर गतिविधि की रिकार्डिंग की जाएगी। अगर मतदान के दिन कोई माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रिकार्डिंग में आने वालों पर बाद में भी कार्रवाई होगी।
जिले में है इतने मतदान केंद्र
प्रशासन के आकड़ों के मुताबिक 1604 मतदान केंद्र, 2178 बूथ है। कुल मतदाता 1952037 हैं। इसमें पुरुष मतदाता 1039726 और महिला मतदाता 912165, अन्य मतदाता 146 हैं।
क्रिटिकल श्रेणी वाले मतदान केंद्रों पर मतदान दिन के अतिरिक्त सुरक्षा का इंतजाम रहेगा। वेब कास्टिंग भी होगी होगी। चिह्नित मतदान केंद्र वाले गांवों में लगातार बैठक की जा रही है, लोगों को भयमुक्त और निडरता पूर्वक मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ऐसे लोगों को चिह्नित करने का भी कार्य किया जा रहा है, जो माहौल खराब कर सकते हैं।
-प्राची सिंह, पुलिस अधीक्षक