- सीसीटीवी कैमरे के जरिये लोकेशन देखने में पुलिस जुटी
- सनई चौराहे पर 19 मार्च को चेकिंग के दौरान गाड़ी की स्टेयरिंग के पास डिक्की से गायब हुआ रुपया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के सनई चौराहे पर चेकिंग के दौरान गाड़ी से 6.33 लाख रुपये चोरी के मामले में पुलिस टीम शातिर की तलाश में अब तक 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाल चुकी है। इसमें कैद रुपये निकालने वाले को दबोचने के लिए अन्य थानों व जनपदों की पुलिस और मुखबिरों को फुटेज भेजकर पता करने की कोशिश कर रही है, लेकिन छह दिन बाद फुटेज के अलावा पुलिस के हाथ कोई सुबूत नहीं लगा है, जिससे वह शातिर को दबोच सके।
गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र के रमवापुर निवासी मनरेज सिंह डीसीएम के स्टेयरिंग के पास डिक्की से 6.33 लाख रुपये चोरी हो गया था। घटना के वक्त वह सनई चौराहे पर वाहन की चेकिंग में दस्तावेज दिखाने गया था। सीसीटीवी कैमरे से रुपये निकालने की फुटेज पुलिस के हाथ लगी है, लेकिन उसमें हुलिया, बाइक तो दिखी है, लेकिन चेहरा और बाइक का नंबर नहीं पहचान में आ रहा है। शातिर को पकड़ऩे के लिए छह दिन में तीन टीमें शोहरतगढ़ से सनई और आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाल चुकी हैं। बाइक निकलते हुए कुछ स्थानों देखा गया है, लेकिन उसमें भी बहुत स्पष्ट नहीं हुआ।
शातिर को दबोचने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगी हैं। फुटेज से मिले हुलिया और पहने हुए कपड़े को मुख्य मार्ग पर बसे लोगों को दिखाकर भी पहचान की कोशिश की जा रही है। वहीं, मुखबिर को भी फुटेज भेजकर अलर्ट किया गया है। इसके साथ ही जनपद के अन्य थानों से भी इसकी पहचान के बारे में जानकारी ली जाएगी। इस संबंध में शहर कोतवाल गौरव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम लगी हुई जो लगातार कार्य कर रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
-
अन्य जनपदों के लुटेरों और टप्पेबाजों पर नजर
जांच में जुटी पुलिस टीम आसपास के जनपदों में सीसीटीवी फुटेज को भेजी है। पूर्व में इस प्रकार की घटनाओं को करने वालों के बारे में जानकारी ले रही है। लुटेरों और टप्पेबाजों की कुंडली खंगाल रही है जो अन्य जनपदों में वारदात को अंजाम दे चुके हैं। मामले का जल्द से जल्द पर्दाफाश हो सके, इसके लिए पुलिस हर प्रकार से प्रयास कर रही है।