बोले ग्राम प्रधान-बयान बदलने का पुलिस बना रही दबाव
ग्राम प्रधान ने पुलिस पर लगाया आरोप कि बाकी आरोपियों को बचा रही है पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के बनगडोरी गांव में बनी गोशाला से 25 सितंबर की रात गाय ले जाने वाले गो तस्कर अभी भी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। ग्राम प्रधान पुलिस पर मामले में लीपापोती करने का आरोप लगा रहे हैं।
शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के बनगडोरी गांव में गोशाला बनी है। यहां पर गांव निवासी राम किशोर और ध्रुपचंद खाना खाने के लिए घर आ गए। जब खाना खाकर गोशाला में सोने के लिए पहुंचे तो गेट खुला हुआ था। और गोशाला के अंदर से कुछ लोग गायों को लाकर पिकअप में लाद रहे थे। जब यह लोग पूछने लगे कि आप क्या कर रहे हो तो वहां मौजूद आधा दर्जन लोगों ने धार धार हथियार से रखवाली कर रहे लोगों को दौड़ा लिया। इस दौरान वह लोग गुहार लगाते हुए गांव के तरफ भागे। गुहार सुनकर गांव के काफी लोग इकट्ठा हो गए। यह देख वह लोग पिकअप लेकर वहां से भाग निकले। लेकिन इसी दौरान एक आरोपी की बाइक वहीं छूट गई। जिसके अगले दिन मंगलवार को ग्राम प्रधान धर्मेंद्र ने डिड़ई थाने पर छह से अधिक अज्ञात गोतस्कर के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। लेकिन ग्राम प्रधान पुलिस पर मामला लीपापोती करने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि तीन दिन बीत गए हैं प्रार्थना पत्र दिए पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है। बाकी आधा दर्जन अज्ञात लोगों का नाम एफआईआर में नहीं दर्ज कर रहे हैं और हमसे पुलिस तहरीर बदलने के लिए दबाव बना रही है। अब हम इसकी शिकायत शुक्रवार को एसपी से करेंगे। इस संबंध में शिव नगर डिड़ई थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि उक्त मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। और दो गायों की भी बरामद कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।