बांसी के थुम्हवा गांव में पकड़े गए चोर पर शाहजहांपुर में दर्ज है चोरी के कई केस
पूछताछ बाद पुलिस ने भेजा जेल, चार अन्य साथियों की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। स्थानीय क्षेत्र के थुम्हवा गांव में ग्रामीणों की ओर से चोरी करते हुए पकड़े गए शातिर के खिलाफ शाहजहांपुर जनपद में चोरी के कई केस दर्ज है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। पूछताछ के बाद शुक्रवार को उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
क्षेत्र के थुम्हवा गांव में बुधवार रात दो घरों में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। तीसरे घर में घुसते ही परिवार के लोग जाग गए और एक चोर को पकड़ लिए। जबकि चार भागने में कामयाब हो गए थे। पकड़े गए चोर के कब्जे से चोरी का आभूषण बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दुलारे उर्फ अजमत अली निवासी गढ़ीया पैगंबरपुर थाना हजरतपुर जनपद बदायूं का शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ शाहजहांपुर जनपद में चोरी के कई केस दर्ज हैं।
पुलिस की पूछताछ में उसने साथियों के संबंध में अहम जानकारी दी है। जिसके आधार पर पुलिस छानबीन में जुट गई है। कोतवाल बांसी विंधेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।