संवाद न्यूज एजेंसी
लोटन। कोतवाली क्षेत्र के बिहटा गांव के दो किशोर चार दिन पहले घर बिना बताए संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे। इस मामले में पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर जांच कर रही थी। लोटन पुलिस के अनुसार दोनों बच्चों का हुलिया और विवरण जनपद व आसपास के जनपदों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया। रविवार को शोहरतगढ़ निवासी एक जागरूक नागरिक कन्हैया ने पुलिस को सूचना दी कि हुलिए से मिलते-जुलते दो बच्चे शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर देखे गए हैं। सूचना मिलते ही लोटन पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों बच्चों को लोटन थाने ले आई। थानाध्यक्ष डीके सरोज का कहना है कि किशोरों के लापता होने का मामला था। त्वरित रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई कर बच्चों को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।