पुलिस की फायरिंग में बदमाश घायल, दो पकड़े गए
चेकिंग के दौरान हुई पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़
महुआवा कुर्मी रमवापुर मार्ग पर भोर में हुई मुठभेड़
गो तस्करी के मामले में पहले सभी दर्ज हो चुका है
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। एसओजी और कपिलवस्तु पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ में दो बदमाशों को दबोच लिया। दोनों तरफ से गोली चली। पुलिस ने तीन राउंड गोली चलाई। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि भागते वक्त दूसरे बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। यह कार्रवाई मंगलवार भोर में तीन बजे क्षेत्र के महुआवा कुर्मी रमवापुर मार्ग पर स्थित पानी की टंकी के पास हुई। पूछताछ के बाद पकड़े गए दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया है। मंगलवार को पुलिस लाइंस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी विजय ढुल ने बताया कि कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के कडजहवा गांव के पास 20 जुलाई को प्रतिबंधित पशु का अवशेष मिला था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी। मामले के खुलासा के लिए एसओजी टीम लगी थी। मंगलवार भोर तीन बजे कपिलवस्तु पुलिस और एसओजी की टीम महुआवा कुर्मी रमवापुर मार्ग पर पानी की टंकी के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच एक बाइक से दो लोग आते दिखे। रुकने का इशारा किया गया तो वे भागने लगे, पीछा करने पर फायरिंग कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी तीन फायर किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में रुआब अली के बायें पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर गया। जबकि दूसरा साथी अब्दुल वफा भागने लगा और पकड़ा गया। रुआब अली को बर्डपुर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। उनके कब्जे बाइक, एक तमंचा, कारतूस, चाकू और पांच हजार रुपये बरामद किया गया। रुआब अली बर्डपुर नंबर एक टोला मदरिया, अब्दुल वफा निवासी अलीगढ़वा कस्बे का रहने वाला है। इनके खिलाफ पहले भी सदर थाने में केस दर्ज है। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है। पकड़ने वाली टीम में एसओ कपिलवस्तु विनोद राव, एसओ प्रभारी पंकज पांडेय, एसआई संजीव शुक्ल, आरक्षी प्यारेलाल, सिब्बन यादव, आनंद प्रकाश, अवनीश सिंह, मृत्युंजय राय, पवन तिवारी, वेदप्रकाश आदि शामिल रहे।