सिद्धार्थनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती की ओर से रविवार को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों की माताओं के सम्मानित किया गया। भीमापार कस्बे की रहने वाली राष्ट्रीय खिलाड़ी नेहा गौड़ का चयन यूथ वॉलीबाल चैंपियनशिप में नेशनल खेलने के लिए हुआ है। उनके आवास पर क्रीड़ा भारती गोरक्ष प्रांत के प्रांत अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार प्रजापति, जिलाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव और मंत्री रामशंकर पांडेय ने उनकी माता को क्रीड़ा भारती का बैज लगाकर और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। मौके पर नेहा गौड़ के पिता मधुसूदन प्रसाद जो मुख्यालय के जय किसान इंटरमीडिएट कॉलेज सनई में लिपिक के पद पर कार्यरत है भी उपस्थित रहे। क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार प्रजापति ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके परिवार को नेहा गौड़ के इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए हर संभव मदद का भी आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने उनके परिवार से बात करते हुए खुशी जाहिर की।