शहर के बैंक में पैसा जमा करने के लिए कतार में खडें उपभोक्ता। संवाद
सिद्धार्थनगर। दो हजार के नोट सितंबर बाद चलन से बाहर करने के फैसले के अगले दिन से ही बैंकों में इसे जमा करने के लिए लोग पहुंचने लगे थे। दो हजार के नोट बदलने के लिए आरबीआई द्वारा तैयार फार्मेट भी सोमवार को बैंकों में पहुंच गया। मंगलवार से नोट बदलने की भी सुविधा मिलने लगेगी। एक बार में 10 नोट यानी 20 हजार रुपये बदले जा सकेंगे।
बैंकों में शनिवार से ही लोग दो हजार के नोट जमा करने के लिए दस्तक देने लगे थे। जो सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। इनमें से ज्यादातर के पास बैंकों में सीसी लिमिट और करंट वाले खाते हैं। मंगलवार को इनकी संख्या बढ़ने की उम्मीद है। बैंक अधिकारियों का कहना है कि दो हजार के नोट का चलन बाजार में पहले से ही कम हो गया है। ऐसे में बहुत कम लोगों के पास ही यह नोट है। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। सितंबर 2023 तक यह नोट वैध है। इस बीच वह कभी भी आसानी से अपने खाते में यह रकम जमा कर सकता है या फिर बदल सकता है।
दो हजार के नोट बदलने की प्रक्रिया 23 मई से शुरू होगी। जो लोग बैंक में नोट बदलवाना चाहते हैं उन्हें निर्धारित फार्मेट भरना होगा। साथ ही अपना केवाईसी भी देना होगा। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। बाजार में दो हजार के नोट का सर्कुलेशन पहले से ही बहुत कम हो गया है। ऐसे में कम ही लोगों के पास यह नोट है, नोट जमा करने या बदलने के लिए सितंबर तक पर्याप्त समय है।
- भौमेंद्र प्रताप सिंह, मैनेजर पीएनबी