पकड़ी क्षेत्र के बभनी बाजार से लमुईया सम्पर्क मार्ग पर बभनी बाजार सड़क में कीचड से होकर जाते र
पकड़ी बाजार। बभनी बाजार से बैजनथा-लमुइया जाने वाली सड़क पर लोगों का आवागमन बाधित है। तीन किलोमीटर लंबे इस संपर्क मार्ग का निर्माण शुरू हुआ, लेकिन अधिकारी व ठेकेदार की लापरवाही से काम पूरा नहीं हो सका। इसके कारण घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर लग रहा है। लोग कीचड़ भरे मार्ग से आने-जाने को मजबूर हैं।
बभनी बाजार से बैजनथा-लमुइया जाने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार था। दो माह पहले सड़क की मरम्मत शुरू हुई लेकिन अधूरा रहते ही बंद कर दिया गया। बभनी बाजार के पास सड़क को मरम्मत के नाम पर खोद तो दिया गया, लेकिन उसे दुरुस्त करने की जहमत नहीं उठाई गई। सड़क तोड़े जाने की वजह से किनारों पर मौजूद जल निकासी व्यवस्था भी चौपट हो गई। नतीजतन घरों व दुकानों से निकलने वाला गंदा पानी रोड पर ही जमा हो रहा है और राहगीर, कीचड़ सनी सड़क से आवाजाही करने को विवश हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत रात के समय होती है। जब जल भराव की वजह से लोगों को रोड पर गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और वह उसमें फिसलकर गिर जाते हैं। मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को भी कीचड़ सनी गड्ढायुक्त सड़क को पार करने में काफी कठिनाई होती है। क्षेत्र के महबूब, दुर्गा प्रसाद चौधरी, गुड्डू चौधरी, रंजीत यादव, ओमप्रकाश जायसवाल, पिंटू सिंह, आशीष सिंह, डल्लू चौधरी, चंद्रशेखर, महमूद, फतेहचंद ने अधूरे सड़क का कार्य जल्द पूर्ण कराने की मांग की है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता राजेश कुमार मौर्या का कहना है आबादी वाले क्षेत्र में सीसी रोड का निर्माण किया जाना है। ठेकेदार को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया है, जल्द ही लोगों को समस्या से निजात मिल जाएगी।