सिद्धार्थनगर। वाहनों पर काली फिल्म लगाकर चलना, जाति धर्म और पद लिखाना यह यातायात नियम के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। ऐसे वाहनों की जांच करते हुए चालान की कार्रवाई का एडीजी जोन गोरखपुर ने फरमान सुनाया है। 15 दिवसीय अभियान की शुरुआत रविवार से हुआ है।
अभियान की हकीकत जानने के लिए वाहनों की पड़ताल की गई तो जो तस्वीर सामने आई सुनकर हैरानी होगी। खुद नियम का हवाला देने वाले अफसर ही नियम को ताक पर रख दिए हैं। राजस्व विभाग के दो बड़े अधिकारी वाहन पर काली फिल्म लगाकर चलते हुए नजर। इनके इतर एक पूर्व एमएलए की गाड़ी पर काली फिल्म लगी दिखी। वहीं सामान्य वाहनों की अनगिनत थी। बाइक वाले भी इनसे पीछे नहीं हैं। नंबर प्लेट के पास जाति, धर्म लिखाकर चलते हुए दिखे। लेकिन जिन्हें चेकिंग करना था, कार्रवाई करने के साथ ही लोगों को जागरूक करना था वह नजर नहीं आए।
यातायात नियम का पालन कराने के लिए कई प्रकार से जागरूकता और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जाता है। जिससे सड़क हादसों को रोका जा सके और वाहनों से अपराध करने वालों को दबोचा जा सके। इसमें चार पहिया वाहन पर काली फिल्म लगाकर चलने वाले कई बार अपराध करते थे। ऐसे मामले सामने आने के बाद चार पहिया वाहनों पर काली फिल्म पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया था। पकड़े जाने पर कार्रवाई करने का नियम बना है। लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है। इसलिए लोग बेधड़क होकर वाहनों पर काली फिल्म लगाकर, जाति, धर्म और पद लिखाकर चलते हैं। इसे अपराध की श्रेणी मानते हुए एडीजी जोन गोरखपुर की ओर से 15 दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। जो रविवार से शुरू हो गया। अभियान और नियम तोड़ने वालों हकीकत जानने के लिए नगर में पड़ताल किया गया है तो हर तरफ लोग नियम तोड़ते हुए नजर आए।
-
पड़ताल में दिखी अफसर की गाड़ी
नगर के अशोक मार्ग पर दोपहर लगभग 12 बजे नियम तोड़ने वालों की पड़ताल की गई तो कई गाड़ियों पर बड़े-बड़े अक्षर में जाति और पद लिखे हुए वाहन से गुजरते हुए देखा गया। इनमें राजस्व विभाग के दो बड़े अधिकारियों की गाड़ी पर काली फिल्म लगा हुआ देखा गया, जो नियमित शहर की सड़कों पर गुजरते हुए नजर आते हैं। इनके अलावा कार, एक नई मॉडल की जीप पूरी काली फिल्म से ढ़की हुई दिखी। लगभग 15 मिनट में ऐसे 25 वाहन गुजरे जो नियम के खिलाफ थे।
-
पूर्व विधायक लिखी गाड़ी दिखी
नगर के ही बांसी-बस्ती मार्ग पर स्थित साड़ी तिराहा पर नियम तोड़ने वाले वाहनों की पड़ताल की गई तो यहां एक एक्स एमएलए लिखी वाहन दिखी। जिसका पूरा शीशा काली फिल्म से ढका हुआ था। लोगों ने बताया कि यह एक पूर्व विधायक का वाहन है। कार्यकर्ताओं को जानकारी न हो सके कि वाहन में कौन है इसलिए काली फिल्म लगाकर चलते हैं। इसी प्रकार कई कार और स्कार्पियों काली फिल्म लगाकर चलते हुए दिखीं। लेकिन नियम तोड़ने वालों पर किसी की नजर नहीं पड़ी।
-
विशेष चेकिंग अभियान में करनी थी यह कार्रवाई
15 दिन तक चलने वाला यह अभियान गोरखपुर जोन के अंतर्गत आने वाले सभी जनपदों के लिए है। इसमें वाहन पर जाति सूचक, संप्रदाय सूचक, आपत्तिजन शब्द, इसके अलावा लाल व नीली बत्ती का अवैध प्रयोग जैसे प्राइवेट वाहनों पर दोनों प्रकार की बत्ती लगाना जो पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। चार पहिया वाहन पर काली फिल्म लगाकर चलना प्रतिबंधित है। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड, रिक्शा स्टैंड है, जिनसे जाम लगता है और आम जनता को नुकसान है। अभियान चलाकर इस पर कार्रवाई करें।
-
बोले जिम्मेदार
नियम विरुद्ध चलने वाले वाहनों पर नियमित कार्रवाई की जाती है। इस संबंध में सभी थानों को निर्देशित किया जा चुका है। जब अभियान चलता है तो विशेष चेकिंग भी किया जाता है और कार्रवाई भी की जाती है।
-सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर