तेज आवाज में डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई
- बढ़नी चौकी पर शांति समिति की हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बढ़नी। मोहर्रम, रक्षाबंधन एवं अन्य पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं, कहीं भी अराजकता की स्थिति न उत्पन्न होने पाए। किसी प्रकार के अश्लील गाने अथवा तेज आवाज में डीजे नहीं बजाएं अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये बातें एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव ने बढ़नी पुलिस चौकी पर शांति समिति की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि ताजिया रखने वालों तथा साउंड के मालिकों को निर्देश दिया गया कि ध्वनि प्रदूषण नहीं होने पाए। बैठक में नेपाल के पुलिस अधिकारियों के साथ ताजिया निकालने के रास्ते संबंधी समस्याओं का आपसी सामंजस्य से निस्तारण किया गया।
एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव ने कहा कि कहीं भी अराजकता स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत सूचित किया जाए, जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके।
सीओ महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि कहीं भी अशांति की स्थिति में दोषियों पर त्वरित व सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के बाद नेपाल के पुलिस के इंस्पेक्टर प्रकाश आचार्य तथा थाना प्रभारी हरिओम कुशवाहा ने ताजिया निकालने के रास्ते का जायजा लिया। टीम ने रामलीला मैदान व भट्टा मोहल्ले का निरीक्षण कर नो मैंस लैंड के रास्ते का भी निरीक्षण किया।