घोसियारी। खेसरहा विकास क्षेत्र के ग्राम सभा एकडेंगवा में बना आयुष्मान आरोग्य सेंटर बदहाली का शिकार है। सेंटर पर जाने वाले मार्ग के जलनिकासी की व्यवस्था न होने से लोगों को कीचड़ सनी सड़क से होकर आना-जाना पड़ता है। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अर्जुन कश्यप ने बताया कि 30-40 मरीज प्रत्येक दिन इलाज कराने के लिए यहां आते हैं। गांव के बद्री प्रसाद, महेंद्र मिश्रा, कृष्णमणि, विनोद मणि, त्रिपाठी राजेंद्र, मारकंडे आदि लोगों ने मार्ग को दुरुस्त कराने के साथ जलनिकासी की व्यवस्था करने की मांग की है। इस संबंध में ग्राम प्रधान दुर्गेश कुमार का कहना है कि शीघ्र ही मार्ग पर मिट्टी डालकर मार्ग को चलने लायक बना दिया जाएगा, ताकि मरीजों को कोई परेशानी न हो। संवाद