उसका बाजार। उसका थाना क्षेत्र के शेषपुर और पठानपुर में सोमवार रात चोर सात घर व दुकानों का ताला तोड़कर नकदी सहित 10 लाख से अधिक का सामान उठा ले गए। एक साथ चोरी की सात घटनाओं से लोग दहशत में हैं। सातों चोरी के स्थान आसपास ही थे।
क्षेत्र के शेषपुर निवासी पूनम अग्रहरि की घर स्थित दुकान को निशाना बनाते हुए शटर तोड़ कर चोरों ने घर और दुकान से लगभग चार लाख रुपए के सोने चांदी के आभूषण व 98 हजार रुपये की नकदी उड़ा ले गए। पूनम ने बताया कि वह अपने मामा की शादी में संपतिहा नौतनवा गई थी। मंगलवार की सुबह लगभग छह बजे पड़ोसी रीता ने फोन कर बताया कि शटर का ताला टूटा है। जानकारी मिलते ही वह पति पंचगुलाम के साथ घर पहुंची तो देखा कि बक्से में रखा सारा सामान बिखरा पड़ा है और जेवरात गायब हैं। अभी इनके पति पंचगुलाम सऊदी से लौटे थे, इन्होंने अपना 70 हजार रुपये रखा था, इसके अलावा दुकान के काउंटर में लगभग 5 हजार और बच्चों के गोलक में लगभग 20 हजार रुपये थे जो गायब हैं।
पूनम के घर के बगल स्थित रवि टेलर्स के प्रोपराइटर रवि ने बताया कि इनकी दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग 8 हजार रुपये चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इनके दुकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे पर चोरों ने मिट्टी पोत दिया है। जिससे इनकी चोरी की घटना रिकॉर्ड नहीं हो सके। रवि टेलर्स के बगल स्थित गणेश पासवान के गारमेंट्स की दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोर दुकान के अंदर घुस गए। चोरों ने जींस, जैकेट, 20 हजार रुपए की नकदी चोरी की और दुकान में लगे सीसीटीवी के डीवीआर को अपने साथ उठा ले गए। यही के रफीक के किराना की दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए 11 हजार रुपए की नकदी खाने के सामान और कुछ सौंदर्य प्रसाधन उठा ले गए।
थाना क्षेत्र के पठानपुर मोड़ पर स्थित आकाश इलेक्ट्रॉनिक के मालिक विनोद ने बताया कि चोरों ने शटर तोड़ 7 हजार रुपये और एक पुराना मोटर चुरा लिए। यही के जयप्रकाश के मेडिकल स्टोर का ताला तोड़ चोरों ने 5 हजार नकदी और ब्लड प्रेशर नापने की मशीन चोर उठा ले गए। यहीं के सीएससी संचालक दिलीप कुमार ने बताया कि उनके सेंटर का ताला तोड़कर काउंटर में रखा 6 हजार दो सौ रुपये चुरा ले गए। गृह स्वामियों ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
बिना रेकी किए नहीं हो सकती है इस तरह की चोरी
चोरों के निशाने पर शेषपुर और पठानपुर मोड़ पर हुई चोरी की घटना से यह स्पष्ट हो रहा है कि चोरों का गिरोह दिन भर ऐसे घरों की रेकी करता होगा। जो घर या दुकान बंद होते हैं या एकांत वाले स्थान, कालोनी में होते हैं, ऐसे घरों को रात में निशाना बनाकर कीमती सामान समेत चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। इस तरह की चोरी को बिना रेकी के अंजाम नहीं दिया जा सकता है।
-
सीसीटीवी कैमरे पर मिट्टी पोत दिया, डीवीआर उठा ले गए
उसका क्षेत्र में घटित हुई चोरी की घटना में शातिर चोरों ने एक जगह चोरी करते समय दुकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे पर मिट्टी पोत दिया। जिससे चोरी करते समय कोई उन्हें देख सके। एक जगह चोरी करते समय चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी के डीवीआर को अपने साथ उठा ले गए। गिरोह की सबसे पहली पसंद नकदी व ज्वेलरी थी। जितनी भी घटनाएं हुई हैं। उनमें नकदी के अलावा ज्वेलरी को चोर चुराकर ले गए है। साथ ही उनकी पहचान न हो सके इसका भी ख्याल रखते हैं।
-
उसका थाना क्षेत्र के शेषपुर व पठानपुर मोड़ स्थित घर व दुकान में हुई चोरी के वारदात की जानकारी मिलने पर घटना स्थल पर गया था। फोरेंसिक टीम और एसओजी टीम आ गई है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश होगा।
-अखिलेश वर्मा, सीओ सदर