सिद्धार्थनगर। अक्सर ही अपनी ऊंची कीमत से लोगों के आंसू निकालने वाले प्याज का बारिश से दम निकल गया है। इन दिनों प्याज की आवक मांग की तुलना में काफी अधिक है। ऐसे में व्यापारियों को प्याज सस्ते दामों पर बेचना पड़ रहा है। सब्जी मंडी में इसके सड़ने तक की नौबत है।
शहर स्थित नवीन मंडी में हर दिन प्याज की खपत 90 से 120 टन के बीच है। लेकिन, इन दिनों करीब 150 टन प्याज प्रतिदिन मंडी में आ रहा है। यहां सबसे ज्यादा प्याज महाराष्ट्र के नासिक से आता है। मध्य प्रदेश के इंदौर और बंगाल से भी प्याज मंडी में आता है। करीब 15 दिन पहले नासिक में असमय बारिश हो गई। ऐसे में कारोबारियों ने प्याज खराब होने से पहले इसे जल्द बेचने की कवायद शुरू कर दी है। इसका नतीजा है कि इन दिनों नवीन मंडी में प्याज ज्यादा आ रहा है। भीगने के कारण काफी प्याज खराब निकल रहा है। थोक मंडी में शुक्रवार को प्याज की कीमत 11 से 15 रुपये के बीच रही। 11 से 13 रुपये के बीच वाला प्याज काफी खराब निकल रहा है। फुटकर बाजार में प्याज 16 से 20 रुपये प्रति किलो के बीच बिक रहा है। सब्जी के थोक व्यापारी मोहम्मद मुस्तफा ने कहा कि बारिश के कारण प्याज भीगने से खराब हो रहा है, जिससे जल्द ही इसका रेट बढ़ सकता है। वर्तमान में मांग के सापेक्ष आवक अधिक होने से प्याज की दर सस्ता है।
सहालग ने गर्मी में बढ़ाए अदरक के भाव
चाय के साथ ही सब्जियों का जायका बढ़ाने वाले अदरक के भाव बढ़ गए हैं। आवक कम होने से अदरक के दाम थोक मंडी में 200 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। वहीं फुटकर मंडी में यह 250 रुपये किलो तक बिक रहा है। महंगा होने के कारण अदरक अधिकतर चाय की दुकानों से गायब है। एक सप्ताह पहले थोक मंडी में अदरक की कीमत 80 से 100 रुपये प्रति किलो के बीच थी, लेकिन लगन खुलने के बाद तुलना में आवक कम होने से दाम दोगुने हो गए हैं। हायडिल तिराहे के सब्जी दुकानदार सुनील ने बताया कि अधिकर लोग पांच या 10 रुपये के अदरक खरीदते हैं, ऐसे में इतना महंगा अदरक बेचने में नुकसान उठाना पड़ेगा। नवीन मंडी के थोक व्यापारी उदय प्रताप यादव का कहना है कि इन दिनों सीजन नहीं होने के कारण आवक बहुत कम हो गई है, जबकि मांग अधिक है। लगन भी शुरू है। इसके चलते ही कीमतों में तेजी है।
थोक में 32 रुपये किलो बिक रही मूली
ठंड के मौसम में पांच रुपये किलो बिकने वाली मूली इन दिनों थोक मंडी में 32 रुपये प्रति किलो बिक रही है। वहीं फुटकर बाजार में मूली 60 रुपये किलो तक बेची जा रही है। सब्जी व्यापारी दिलशाद अहमद ने बताया ने कि इन दिनों मूली का सीजन नहीं है। मंडी में जो मूली है, वह छत्तीसगढ़ से आ रही है। वह भी मांग की तुलना में काफी कम है, इसलिए मूली के दाम बढ़े हुए हैं।