पूर्व माध्यमिक विद्यालय कठोलवा में बच्चों को एक साथ बैठाकर पढ़ाते शिक्षक। संवाद
सिद्धार्थनगर। सरकार की मंशा है कि परिषदीय विद्यालय कान्वेंट विद्यालयों को टक्कर देते नजर आएं। लेकिन जब पूरे विद्यालय में एक ही शिक्षक हो तो यह सरकार की मंशा पर पानी फेरने जैसा है। परिषदीय विद्यालयों को मिशन कायाकल्प के तहत सजाया जाए और वहां भौतिक संसाधन उपलब्ध हो, बच्चों की छात्र संख्या और उपस्थिति दुरुस्त हो। लेकिन शिक्षकों की कमी सरकार की मंशा पर पानी फेर रही है। क्योंकि एक ही शिक्षक अकेले कितने विषयों को कितनी कक्षाओं में पढ़ाएं। खेसरहा ब्लॉक क्षेत्र के कई विद्यालय एक ही शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं। इससे छात्रों के भविष्य पर संकट मडरा रहा है।
खेसरहा ब्लॉक क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षण कार्य करने की पड़ताल की गई तो कई विद्यालय में एक ही शिक्षक पढ़ाते हुए दिखे। वह कक्षा से आठवीं तक एक साथ बैठाकर पढ़ा रहे हैं। कंपोजिट विद्यालय घोसियारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक आदित्य पांडेय ने बताया कि विद्यालय में 6 से लेकर 8 तक के बच्चों को पढ़ाने के लिए कोई अध्यापक विद्यालय पर नियुक्त नहीं हैं। विद्यालयों में छात्रों की संख्या 60 है। प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापकों द्वारा शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। दिसंबर 2023 तक कक्षा 1,2 और 3 के बच्चों को निपुण बनाना है। लेकिन शिक्षकों की कमी के बहुत परेशानी उठानी पड़ रही है। प्राथमिक विद्यालय रिउना में एक साथ बच्चे पढ़ते हुए दिखे।
प्रधानाध्यापक अनिल कुमार ने बताया कि विद्यालय में कुल छात्र संख्या 54 हैं। एक से पांच कक्षा के बच्चों को एक साथ बैठाकर पढ़ाना पड़ता है। विद्यालय मुख्य मार्ग से सटा हुआ है। बच्चों को एक साथ बैठाकर पढ़ाना मजबूरी हो गया है क्योंकि अगर अलग-अलग बच्चों को पढ़ाया जाएगा तो कुछ बच्चे सड़क पर जा सकते हैं जिससे दुघज़्टना हो सकती है। वहीं, प्राथमिक विद्यालय मकनाखोर विद्यालय के प्रधानाध्यापक जमशेद अख्तर ने बताया कि विद्यालय में कुल छात्र संख्या 57 है। बच्चों को एक साथ पढ़ाने में बहुत कठिनाई हो रही है। प्राथमिक विद्यालय पडऱी के प्रधानाध्यापक अनूप गौतम ने बताया कि विद्यालय पर कुल छात्र संख्या 28 हैं। सरकार 30 बच्चों पर एक अध्यापक की बात कहती है। लेकिन एक से पांच तक के बच्चों को एक साथ पढ़ाना और बच्चों को सरकार की मंशा के अनुसार निपुण बनाना बहुत कठिन प्रतीत हो रहा है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय कठोलवा के प्रधानाध्यापक शिशिर त्रिपाठी का कहना है कि विद्यालय में कुल छात्र संख्या 32 है।
खेसरहा ब्लॉक क्षेत्र में १३ एकल विद्यालय संचालित हो रहे हैं। जहां पढ़ाई में कठिनाई हो रही है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र पांडेय का कहना है कि जानकारी है। जल्द ही एकल विद्यालय पर शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।