डुमरियागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर सिंगारजोत मार्ग पर धनोहरी गांव के पास की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर सिंगारजोत मार्ग पर धनोहरी गांव के पास रविवार शाम करीब सात बजे ट्रक व बाइक में आमने सामने टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने सीएचसी सिरसिया पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के पेड़ारी मुस्तहकम गांव निवासी पुजारी (28) रविवार शाम करीब सात बजे गांव के ही शंकर के साथ बाइक का पंचर बनवाकर मन्नीजोत से लौट रहा था। अभी वह शाहपुर सिंगारजोत मार्ग पर धनोहरी गांव के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें बाइक चालक पुजारी और सवार शंकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों के मदद से सीएचसी सिरसिया ले गए यहां शंकर को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, वहीं पुजारी (28) की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने पुजारी को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से दो पुत्रियां तमन्ना चार, खुशी दो साल, पत्नी ममता, वृद्ध पिता मेघू व माता सदमे में हैं।
अतिक्रमण ने ली एक और जान
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर सिंगारजोत मार्ग पर धनोहरी गांव के पास हुए दुर्घटना में पुजारी (28) की मौत का कारण इस मार्ग पर अतिक्रमण ही है। इस मार्ग पर धनोहरी, मन्नीजोत, महुआ खुर्द, रमवापुर राउत, भंड़रिया, बिशुनपुर हरी, बिजौरा आदि चौराहों के साथ ही भनवापुर, बुढ़ऊ, सोहना आदि चौराहों पर लोग सड़क को कब्जा कर मकान बना रखे हैं। इसके साथ ही गुमटी आदि रख कर कब्जा कर रखे हैं, जिस कारण लोग आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।