करंट से युवक की मुंबई में मौत
- त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव का था निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिस्कोहर। मुंबई में काम करने गए रमवापुर गांव के एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। रविवार की शाम मौत की सूचना परिवार को मिली।
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव निवासी जितेंद्र पांडेय (30) पुत्र राधिका प्रसाद पांडेय डेढ़ साल पहले अपने परिवार को लेकर मुंबई में कमाने गया था। जितेंद्र मुंबई के ठाणे में रहकर एक टूरिस्ट कंपनी का बस चलाता था। परिवार के मुताबिक शनिवार को वह बस लेकर कोल्हापुर गया हुआ था। रात में बस खड़ी करके बस के छत के ऊपर सो गया इसी दरमियान ऊपर से गुजरे हाई वोल्टेज विद्युत तार के संपर्क में आने से उसकी मौत हो गई। रविवार की शाम जितेंद्र की मौत की सूचना मृतक की पत्नी ने परिवारीजनों को दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई लाल बाबू ने बताया कि जितेंद्र अपनी पत्नी व तीन बच्चो को लेकर मुंबई में रहता था। उसका अंतिम संस्कार वहीं पर कर दिया गया।