- ग्यारह हजार वर्ग फीट की मूर्ति को भव्य दिखाने के लिए 12 बीघे में सजेगी रंगशाला
-मूर्तिकार सतीश गुर्जर बनाएंगे राम-सीता की मूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नेपाल के जनकपुर में विवाह पंचमी के अवसर पर राम-सीता की 70 क्विंटल अनाज से ग्यारह हजार वर्ग फुट की मूर्ति बनेगी, जिससे नेपाल को एक नई पहचान मिलेगी। इससे पहले अयोध्या में विभिन्न प्रकार के अनाज से 10 हजार 800 वर्ग फीट में राम-सीता की प्रतिमा का निमार्ण कराया जा चुका है।
जनकपुर ग्रेटर एरिया डेवलपमेंट फंड के अध्यक्ष शीतल साह ने कहा कि जनकपुर में विवाह पंचमी को दुनिया भर में पहचान दिलाने के लिए 70 क्विंटल अनाज से जनकपुरधाम में राम-सीता की प्रतिमा का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले अयोध्या में बनी दस हजार आठ सौ वर्ग फीट की मूर्ति को गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया जा चुका है। जनकपुर में उससे भी बड़ी प्रतिमा बनने जा रही है।
अनाज से राम-सीता स्वयंवर (विवाह) की मूर्ति बनाई जाएगी। मूर्ति में किसी रंग का प्रयोग नहीं किया जाएगा। जिस रंग की जहां जरूरत होगी। उस स्थान पर उसी रंग का अनाज लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर से विवाह महोत्सव शुरू हो जाएगा, जिसके लिए छह दिसंबर से ही मूर्ति का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा, जिससे महोत्सव से पहले मूर्ति बन कर तैयार हो जाएगी। मूर्ति बनाने के लिए मध्य प्रदेश के मूर्तिकार सतीश गुर्जर व उनकी टीम आएगी।
उन्होंने कहा कि इस मूर्ति को भव्य और सुंदर दिखाने के लिए 12-12 बीघे जमीन में रंगशाला बनाई जाएगी। मूर्ति के निर्माण में लगभग पचास लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।