सिद्धार्थनगर। कठेला समय माता थाना क्षेत्र के धोबहा गांव के टोला अमरपुरवा में एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की बहू ने एक व्यक्ति पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने व उससे मौत होना बताया है। पुलिस संबंधित धारा में केस दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
क्षेत्र के धोबहा गांव टोला अमरपुरवा निवासी ललित पत्नी जोगिंदर ने शनिवार को कठेला पुलिस को सूचना देकर बताया कि बीते 15 अगस्त की शाम को करीब 6 बजे उनके ससुर फागू (55) पास के निबियहवा चौराहे पर गए थे। तभी निबियहवा निवासी मनगाठू उर्फ शिव दर्शन उसके ससुर को मरने लगे। शोर सुनकर वह और उसकी ननद इंद्रावती दौड़ते हुए चौराहे पर पहुंची तो मनगाठू चिल्ला रहा था कि मैं तुम्हे जिंदा नहीं छोडूंगा हम लोगों को आता देख वह मेरे ससुर को घायल हालत में छोड़कर मौके से भाग निकला। लोगों की मदद से मैं अपने ससुर को सीएचसी खुनियांव ले गई जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल से उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया था। गरीबी के कारण पैसा न होने से उन्हें घर ले आई। जिनकी 16 अगस्त की शाम को मौत हो गई। पीड़ित ने बताया कि पुलिस को सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही कठेला थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने बताया कि मृतक की बहू ललिता पत्नी जोगिंदर निषाद की सूचना के आधार पर मनगाठू उर्फ शिवदर्शन के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।