बिजली समस्या को लेकर ऊर्जा मंत्री डाॅ.एके शर्मा से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराते विधयक
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र में बिजली समस्या को लेकर ऊर्जा मंत्री डॉ. एके शर्मा से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराया। विधायक ने मंत्री को बताया कि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले विद्युत उपकेंद्रों पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही से बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है, जबकि अधिकारी भी लापरवाही बरत रहे हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खराब पड़े बिजली के ट्रांसफाॅर्मरों को बदलने में भी अधिकारी हीलाहवाली कर रहे हैं। लोकल फाॅल्ट, जर्जर तारों के साथ ही जमीनों को छूते तारों को भी बिजली के पोल पर टाइट न करने से आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, जिससे कई लोगों की मौत भी हो गई है।
विधायक ने ऊर्जामंत्री से मांग की कि उनके विधानसभा क्षेत्र को अघोषित बिजली कटौती से मुक्त किया जाए और उन्हें भी विद्युत शेड्यूल के बारे में अवगत कराया जाए। इस संबंध में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने कहा कि मंत्री ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।