सिद्धार्थनगर। जिला पंचायत सदस्यों को बैठक में मिलने वाले भत्ता का नकद भुगतान नहीं होगा, बैंक खाते के माध्यम से होगा। नकद भुगतान में होने वाली गड़बड़ी को रोकने के लिए सीधे बैंक खाते में भेजने कवायद शुरू हुई है। इससे सदस्यों को भत्ता मिलने में दिक्कत नहीं होगी।
जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित होकर आने वालों को बोर्ड की बैठक में शामिल होने पर भत्ता देने का नियम है। बैठक में आने वाले सदस्यों को 1500 रुपये भत्ता के रूप में देने का नियम है। अभी तक यह भत्ता सदस्यों के हाथ में आता था। लेकिन अब उन्हें बैंक खाते के माध्यम से भुगतान किया जाएगा। भत्ता मिलने को लेकर उठती शिकायतों और गड़बड़ी को देखते हुए शासन ने नियम में बदलाव कर दिया है। अब बोर्ड की बैठक से निकलते ही सदस्यों के खाते में भत्ता की राशि पहुंच जाएगी। इस योजना का लाभ जिला पंचायत अध्यक्ष सहित जिले के 48 जिला पंचायत सदस्यों को मिलेगा।
इस संबंध में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत लालता प्रसाद वर्मा ने बताया कि बैंक खाते से भत्ता भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब बैठक भत्ता हाथ में देने के बजाए सीधे बैंक खाते में भेजा जा रहा है।