सिद्धार्थनगर। जो परिवार किसी तरह के राशनकार्ड के पात्र नहीं है, उनके लिए एक परिवार एक पहचान योजना के तहत फैमिली आईडी कार्ड बनेंगे। इससे उनको एक नया पहचान पत्र मिलने के साथ ही सरकार की लाभार्थी परक योजनाओं का भी लाभ मिल सकेगा।
इसके तहत जिन परिवारों के पास राशन कार्ड हैं, उनका राशन कार्ड संख्या ही फैमिली आईडी के रूप में प्रयोग किया जाएगा। ऐसे परिवार जो राशनकार्ड के पात्र नहीं है अथवा जो पात्र हैं लेकिन उनके पास राशनकार्ड नहीं हैं, उनकी फैमिली आईडी बनेगी। प्रदेश सरकार योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए एक परिवार एक पहचान योजना चला रही है। इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में खंड विकास अधिकारी तथा नगरीय क्षेत्र में एसडीएम के माध्यम से फैमिली आईडी जारी किए जाएंगे हैं। भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों को इसी फैमिली आईडी के माध्यम प्राप्त हो सकेगा।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी बीएस यादव ने बताया कि फैमिली आईडी बनवाने के लिए पंचायत सहायक अथवा जनसेवा केंद्र के माध्यम से या स्वयं ऑॅनलाइन आवेदन करना होगा। फैमिली आईडी आवेदन के लिए परिवार के मुखिया का आधार कार्ड संख्या तथा आधार से मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से परिवार के सभी सदस्यों को उनकी आधार कार्ड संख्या एवं लिंक मोबाइल नंबर के माध्यम से जोड़ते हुए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
एक परिवार एक पहचान योजना के तहत जनपद में अभी तक लगभग 4650 परिवारों ने आवेदन किया है, जिसमें से लगभग 3115 आवेदन सही पाए जाने पर स्वीकृत किए गए हैं। यह संख्या कम होने पर सभी बीडीओ एवं एसडीएम को विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए हैं। ि