सिद्धार्थनगर। नौगढ़ ब्लॉक के कोड़रा ग्रांट के पास लुचुइयां गांव के बाड़े के पांच सूअरों की जांच में जेई वायरस होने की पुष्टि हुई है। इससे स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। अब लुचुइयां सहित आसपास के पांच गांवों में 19 साल उम्र तक के सभी बच्चों को जेई टीका लगाया जाएगा।
सूअरों में जेई वायरस की पुष्टि हुई है। इस कारण इस क्षेत्र में क्यूलेक्स मच्छर के जरिए बच्चों को जेई बुखार की चपेट में आने की आशंका है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जीवन लाल ने बताया कि सभी ब्लाॅकों के सुअर बाड़ों से पांच-पांच सूअर के सीरम सैंपल की जांच कराई है, जिसमें लुचुइयां के बाड़े में सूअर संक्रमित पाए गए हैं। इस बाड़े में सुअरों को मच्छरदानी से ढककर रखने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि स्थानीय लोगों को भी फूल बाह की शर्ट पहनने, मच्छरदानी में सोने और साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी सुनील चौधरी ने बताया कि सुअरों में जेई की पुष्टि होने की रिपोर्ट मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार को प्रभावित गांव में जाएगी और टीकाकरण सहित अन्य उपाय किए जाएंगे।
चार बच्चे हुए प्रभावित
बरसात में तेज बुखार के भर्ती हुए चार बच्चों में जेई की पुष्टि हुई है। बढ़नी, जोगिया, खुनियाव और बर्डपुर में एक बच्चे जेई पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि सात ऐसे लोगों की रिपोर्ट जेई पॉजिटिव आई है, जो सिद्धार्थनगर के रहने वाले हैं, लेकिन वे दूसरे जिले में हैं। जेई में सात दिन के अंदर बुखार होने के साथ मरीज का हाव भाव बदल जाता है, उसके झटके आ सकते और झटके नहीं भी आ सकते हैं।
वर्जन
नौगढ़ ब्लाॅक के कोड़रा ग्रांट के पास लुचुइयां के बाड़े के सुअरों में जेई की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में भ्रमण बच्चों का टीकाकरण व जागरूक करेगी।
-डॉ. बीके अग्रवाल, सीएमओ