- डिप्टी सीएमओ के निरीक्षण में पकड़ में आए हास्पिटल और क्लिनिक
- डिप्टी सीएमओ ने दो दिन में जवाब मांगा, इसके बाद होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। डिप्टी सीएमओ ने मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर स्थित हास्पिटल और क्लिनिक का शुक्रवार शाम को जांच किया। जांच में चार अस्पताल में बिना कागजात के संचालित मिले। सभी को नोटिस देते हुए दो दिन में जवाब देने का निर्देश दिया। सही और समय से जवाब नहीं मिलने पर सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में फर्जी अस्पताल और जांच केंद्र हर चौराहे पर संचालित हो रहे हैं। अवैध रूप से संचालित होने वाले अस्पतालों में अक्सर लोगों की जान जाने और गलत इलाज करने की शिकायत होती है। बिना कागजात के चलने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई करने के लिए शुक्रवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय गुप्ता मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर में निरीक्षण करने पहुंच गए। एक-एक करके चार हास्पिटल और क्लिनिक मोगीश हॉस्पिटल एंड पॉलीक्लीनिक, अल्बा हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर, सिफा हॉस्पिटल, नव जीवन हॉस्पिटल ऑर्थो एंड मैटरनिटी सेंटर बिना कागजात के संचालित पाया गया। इसके साथ ही अन्य कमियां नजर आईं। इसके बाद अस्पताल को बंद कराते हुए नोटिस दिया गया। दो दिन में नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि चार अस्पताल बिना कागजात के संचालित मिले हैं। नोटिस दिया गया है। नोटिस का सही और समय से जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।