संवाद न्यूज एजेंसी
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के हरिबंधनपुर गांव में बुधवार शाम को बड़ौदा यूपी बैंक बिस्कोहर के मैनेजर, राजस्व विभाग इटवा की टीम व पुलिस कर्मियों ने पहुंच कर बैंक के बकायेदार राम नेवास के खेत व कंबाइन हार्वेस्टर में कुर्की का नोटिस चस्पा कर व लाल झंडी लगाकर कार्रवाई शुरू की।
बकायेदार ने बैंक से साल 2011 में किसान क्रेडिट पर 1.63 लाख व कंबाइन हार्वेस्टर के लिए साढ़े छह लाख रुपये का ऋण लिया था। शाखा प्रबंधक के तरफ से बकायेदार से बार-बार ऋण जमा करने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन नहीं जमा किया गया। इसके बाद कार्रवाई की गई। बकायेदार पर केसीसी का 3.38 लाख व कंबाइन का 7.56 लाख ब्याज का ऋण था, जो नहीं जमा कर रहा था। इसकी अगस्त 2022 में आरसी काटी गई थी। उसके बाद भी ऋण नहीं जमा किया गया।
उप जिलाधिकारी इटवा के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की गई। शाखा प्रबंधक शांतनु मिश्र ने बताया कि बुधवार शाम को नायब तहसीलदार राघवेंद्र पांडेय, लेखपाल श्याम बिहारी, हरिओम वाजपेयी, अमीन अरविंद कुमार त्रिपाठी, रामफेर, संग्रह अनुसेवक अनिल कुमार ओझा व वीरेंद्र कुमार की मौजूदगी में कुर्की की कार्रवाई की गई है।