सिद्धार्थनगर। जिले में मंगलवार को भी बादल छाए और बिन बरसे ही नजरों से ओझल हो गए। इटवा क्षेत्र में रिमझिम बारिश हुई, लेकिन इतनी कम हुई कि मौसम विभाग में रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो सकी। बारिश नहीं हुई और धूप ने भी पारा चढ़ा दिया। इस कारण लोग दिन भर गर्मी व उमस से परेशान हुए।
मौसम विभाग के रिकॉर्ड में जिले में मंगलवार को बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 38.2 व न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही धूप तल्ख हो गई और बारिश नहीं बल्कि धूप से बचने के लिए छतरी का उपयोग करना पड़ा।
गर्मी व उमस ऐसी रही कि पंखे के नीचे बैठने वाले लोगों को भी पसीना आया।
इटवा कस्बे में हल्की बारिश हुई तो मौसम ठंडा हो गया। इस दौरान विद्यालय से घर जाने वाली छात्राओं को बारिश का मौसम पसंद आया और वे भींगते हुए गईं।
जुलाई में कम हुई 40 प्रतिशत बारिश
जुलाई में बारिश 40 प्रतिशत कम हुई, जबकि एक दिन में 173 मिमी बारिश हुई थी।एक ही दिन में बारिश अधिक हुई और धीमी व मध्यम बारिश नहीं हुई, इस कारण जो आधी बारिश हुई, इसका भी फायदा नहीं मिला। जुलाई का सामान्य बारिश 567.3 मिमी है, इसकी अपेक्षा 340.8 मिमी ही बारिश हुई। जून में 46.1 मिमी बारिश हुई थी, जो सामान्य बारिश की अपेक्षा 73 प्रतिशत कम थी।
तीन दिन बाद बारिश का अनुमान
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में अति अवदाब का सिस्टम बना है। इसके प्रभाव से बुधवार से दक्षिणी उप्र में बारिश होने की संभावना है। तीन दिन बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसके प्रभाव से बारिश शुरू होने का अनुमान है।