शासन से नहीं हो पाई दवा की आपूर्ति, जो थी उसी में चला रहे काम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में क्षय रोगियों को दवा नहीं मिल रही है। मरीज क्षय रोग अस्पताल में पहुंच रहे हैं, लेकिन दवा की कमी होने से लोगों को आधी-अधूरी दवा दी जा रही है। अस्पताल में कई जरूरी दवाइयों की कमी है। डाॅक्टर तो पर्ची पर दवा लिखते हैं, जब मरीज दवा काउंटर पर जाते हैं तो दवा उपलब्ध नहीं होती है।
कई माह से अस्पताल में दवा की कमी है, ऐसे में लोगों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है, कि मरीजों को मामूली दवा भी बाहर से लानी होती है। चिकित्सक जो दवाएं लिख रहे हैं, वह अस्पताल में नहीं मिल रही हैं। चिकित्सक की लिखी दवा में से गिनीचुनी ही मिलती हैं। इससे मरीज व परिजन बाहर से दवाएं ले रहे हैं। एक साल से डॉक्टर की ओर से जो दवाई लिखी जाती है, उसमें से कुछ ही दवाएं मिलती हैं। दवा पूरी नहीं मिलने से इलाज का असर कम हो रहा है, और बीमारी बढ़ रही है।
ऐसे एक-दो नहीं बल्कि कई मरीज व परिजनों के साथ हो रहा है। अस्पताल के दवा काउंटरों पर पूर्ण दवा नहीं होने से मरीज परेशान हैं।
-
क्षय रोग की दवा प्रदेश स्तर से ही नहीं मिल रही है। दवा खरीदने के लिए विभाग से निर्देश मिला है। दवा खरीदी भी जा रही है। जल्द ही मरीजों को सभी दवाएं मिलने लगेंगी।
-डॉ. दिनेश चौधरी, सीएमओ