‘नए कृषि कानून किसान विरोधी’
कांग्रेस की ओर से कोरीडीहा गांव में चौपाल आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। कांग्रेस पार्टी की जिला उपाध्यक्ष रंजना मिश्रा की अगुवाई में बृहस्पतिवार को कोरीडिहा गांव में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताया। रंजना ने कहा कि केंद्र सरकार कृषि कानून को वापस न लेकर किसानों के साथ घोर अन्याय कर रही है। सरकार की अड़ियल रवैये के कारण किसान काफी चिंतित हैं। सरकार को हर हाल में कृषि कानून को वापस लेना पड़ेगा। वर्तमान समय की स्थिति यह है कि किसानों को उपज की रकम तक नहीं मिल रही है। आय तो बहुत दूर की बात है। किसान अपने फसल की कीमत बहुत ही कम पा रहा है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस की दिन-प्रतिदिन बढ़ती महंगाई से लोगों की दिक्कतें और बढ़ती जा रही हैं। चौपाल को पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रसाद वर्मा ने भी संबोधित किया। इस दौरान योगेश, सर्वजीत उपाध्याय, श्यामसुंदर शर्मा, वाहिद अली, चीनक पासवान, रामनरेश, सीताराम, रामबहादुर, श्यामलाल शर्मा, बगेदू कन्नौजिया, शांति, रामरक्षा, रामसेवक आदि मौजूद रहे।