वृद्धा ने लगाई गुहार, ग्रामीण पहुंचे तो ली राहत की सांस
इटवा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कठेला का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। इटवा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कठेला में कर्मचारियों की लापरवाही से एक बुजुर्ग महिला मरीज अस्पताल में दो घंटे तक बंद रही। ग्रामीणों के फोन के बाद फार्मासिस्ट ने आकर गेट खोला तब जाकर महिला बाहर निकल पाई। घटना शनिवार की है। ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ को जांच के लिए पीएचसी कठेला भेजा।
जानकारी के अनुसार, इटवा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कठेला में शनिवार को कठेला गवीज ग्राम पंचायत के जानकीनगर टोले की तराबुन्निशा (70) इलाज के लिए आई थी। उसके पेट में दर्द था। इलाज के बाद महिला दूसरे कमरे में जाकर सो गई। पीएचसी पर तैनात कर्मचारी शाम चार बजे अस्पताल बंद करके चले गए और बुजुर्ग महिला अस्पताल में ही बंद रह गई। जब काफी देर तक महिला घर नहीं पहुंची तो परिजन अस्पताल आए और उन्होंने वहां बंद अस्पताल के अंदर महिला को देखा। उसके बाद वहां मौजूद लोगों ने अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट एसएस उपाध्याय को फोन किया। फार्मासिस्ट ने वापस आकर अस्पताल का गेट खोला तब जाकर महिला बाहर निकली।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जिसके बाद सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ इटवा डॉ. आरजी सिंह को जांच के लिए भेजा। उन्होंने मौजूद लोगों व पीएचसी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि इलाज के बाद महिला दूसरे कमरे में जाकर सो गई। जिससे किसी को उसके अस्पताल में होने का पता नहीं चल सका।
इस संबंध में इटवा सीएचसी अधीक्षक डॉ. संदीप द्विवेदी ने बताया कि घटना उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद उचित कार्रवाई उच्चाधिकारियों द्वारा की जाएगी। इस संबंध में डिप्टी सीएमओ डॉ. आरजी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट सीएमओ को प्रेषित की जाएगी।