सिद्धार्थनगर। बिजली विभाग में बिलिंग कंपनी बदलने के कारण उपभोक्ता विभाग के कर्जदार हो गए हैं। कंपनी बदलने के बाद उपभोक्ताओं के गलत बिल आ रहे हैं। कई बार तीन से चार माह के बिल एक साथ आ रहे हैं। वहीं काफी भागदौड़ के बाद भी लोगों के बिल में सुधार नहीं हो पा रहा है। इससे उपभोक्ताओं का बकाया और अधिभार दोनों बढ़ता जा रहा है। शहर व ग्रामीण क्षेत्र में लोगों की एक जैसी शिकायत है। कई महीने बाद अचानक रीडिंग दिखाकर गलत बिजली बिल भुगतान करने के लिए कहा जा रहा है, जो उपभोक्ताओं के समझ से परे है। बिजली बिल को देखकर उपभोक्ता परेशान हैं।
शिकायतों के बावजूद भी रीडिंग में सुधार नहीं किया जा रहा है। किसी का बिल अधिक बढ़कर आ रहा है तो किसी के जमा हुए बिल को भी समायोजित नहीं किया जा रहा है। इस कारण काफी संख्या में लोग बिजली विभाग के कर्जदार हो गए हैं। बिजली कंपनी बदली तो उपभोक्ताओं को खाता नंबर भी बदल गया। इस कारण उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से बिल नहीं जमा कर पाए। इस प्रकार एक या दो माह का बिल एरियर में आने के बाद कई गुना बढ़कर बिल आ रहा है। उजाला कांपलेक्स, आजादनगर के एक उपभोक्ता का बिल दोगुना से अधिक आया है।
मीटर रीडिंग में लापरवाही
विभाग जिले में मीटर रीडिंग का काम आउटसोर्सिंग के माध्यम से करवाता है। पुरानी कंपनी का अनुबंध समाप्त कर नई कंपनी से अनुबंध किया गया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि कर्मी समय से बिजली बिल निकालने नहीं आते हैं। जब अधिक बिल हो जाता है तो बिल जमा करने में कठिनाई होती है।
-
विभाग के चक्कर लगाने के बाद भी समस्या जस की तस
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बैदौलागढ़ स्थित सब डिवीजन कार्यालय में विद्युत उपकेंद्र व बिजली बिल जमा काउंटर पर पहुंच रहे लोगों को वापस आना पड़ रहा है। उन्हें दो-तीन दिन बाद बुलाया जा रहा है। उपभोक्ता बिजली कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। बढ़े हुए बिल में सुधार के लिए बिजली अधिकारी कंपनी के बेंगलुरू ऑफिस में ई मेल कर रहे हैं, उसके बाद वहां से सुधार हो पा रहा है।
-
बिजली का बिल हर माह नहीं आने से पता नहीं चल पाता कि कितना बिल हुआ है। अगर बहुत ज्यादा बिजली का बिल आ जाएगा तो जमा करने में परेशानी होगी। - अंबिका, कपियवा
पिछले साल तीस हजार बिजली का बिल आया था, जिसको जमा कर दिये। एक साल से बिजली बिल को लेकर परेशानी होती है।
- कृष्ण मणि त्रिपाठी, बूढ़ी घोसियारी
-
बिजली के उपयोग से अधिक हर महीने बिल आ रहा है, एसडीओ को एप्लीकेशन व बकाया बिलों का भुगतान करके रसीद दे दी थी, लेकिन अब भी बिल बढ़कर आ रहा है।
- अमित शर्मा, बैदौलागढ़
बिजली बिल की गड़बड़ी अकाउंट नंबर बदलने से हो रही है। जो भी शिकायतें आ रहीं हैं, उनके लिए बिलिंग कंपनी में शिकायत भेजी जा रही है, तो सुधार हो रहा है। बिल एवं मीटर संबंधी शिकायतें जल्द ही दूर हो जाएंगी।
- संजय पासवान, अवर अभियंता