-जहां लगना था दिव्यांग शिविर वहां रोजगार सेवक करते रहे मीटिंग
-डुमरियागंज ब्लॉक का मामला, तीन घंटे तक भटकने को रहे मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। ब्लॉक सभागार में सोमवार को दिव्यांगजन चिह्नीकरण शिविर में कई अव्यवस्थाएं दिखी। सुबह 10 बजे ही दिव्यांग सभागार में पहुंच गए, लेकिन शिविर का शुभारंभ एक बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सभागार में ही रोजगार सेवक संघ के चुनावी प्रक्रिया की अनुमति दिए जाने से यह स्थिति बनी।
डुमरियागंज क्षेत्र के गंगवार के साजिद अली, मालीमैनहा के मोहम्मद आसिफ, बहेरिया के बब्बू गौतम, लौहरोली के मोहम्मद इसराइल आदि ने बताया कि वे लोग खुद व परिवार से संबंधित दिव्यांग के साथ सुबह दस बजे ब्लाक पहुंच गए थे। पता चला कि ब्लॉक सभागार में रोजगार सेवक संघ का चुनाव चल रहा है। एक सप्ताह पूर्व दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग की ओर से कार्यक्रम का समय तय कर दिया गया था। दिव्यांग जनों के लिए पीने के पानी तक का इंतजाम नहीं था। भूख, प्यास और धूप से सभी बेहाल हो गए और इधर-उधर घूमने को मजबूर रहे।
दिव्यांगजन विभाग के लिपिक अजीत कुमार निषाद ने बताया कि उन्होंने बीडीओ को एक सप्ताह पूर्व शिविर से संबंधित सूचना उपलब्ध करा दी थी। मगर जब वे लोग आए तो ब्लॉक सभागार में रोजगार सेवक संघ का चुनाव हो रहा था, जिसके कारण समय से शिविर का आयोजन नहीं हो सका।
शिविर साढ़े 11 बजे शुरू होनी थी, लेकिन दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के लोग समय से नहीं आए। इसलिए सभागार में रोजगार सेवक संघ के चुनाव की अनुमति दी गई।
अमित कुमार सिंह, बीडीओ