स्वच्छता और पेयजल की दरकार
- सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को होती है परेशानी
- प्लेटफार्म एक पर गंदगी तो दो नंबर पर लगी नल की टोटी भी टूटी
- सफाई न होने के कारण बोतल का पानी खरीदने को विवश हैं यात्री
सिद्धार्थनगर। रेलवे स्टेशन सिद्धार्थनगर पर यात्री सुविधाओं का अभाव है। जिला मुख्यालय के स्टेशन पर स्वच्छता एवं पेयजल सुविधाएं नहीं होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर स्वच्छता का अभाव है, जबकि दो नंबर प्लेटफार्म पानी की टोटी टूटी है। पेयजल की असुविधा है। इस प्लेटफार्म पर ट्रेन रुकती है तो यहां पानी भरने के लिए उतरने वाले यात्री मायूस हो जाते हैं। टोटी के पास गंदगी होने के कारण वह बोतल का पानी खरीदकर पीते हैं तो वहीं निर्धारित समय से आधा व एक घंटे तक ट्रेनों के देर से चलने के कारण यात्रा में कठिनाई हो रही है।
सिद्धार्थनगर स्टेशन से जिले के अलावा नेपाल और महराजगंज जनपद के लोग भी यात्रा करते हैं। गोरखपुर- गोंडा रेलखंड पर स्थित इस स्टेशन से प्रतिदिन 15 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं। इसमें सुबह में मुंबई के लिए ट्रेन निकलती है। इसके बाद लखनऊ के लिए इंटरसिटी निकलती है, इसके बाद फिर मुुंबई के लिए ट्रेन जाती है, इसके लिए दिल्ली सहित अन्य रूट पर ट्रेन चलती है। रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन एक हजार से अधिक यात्री आवागमन करते हैं, लेकिन स्टेशन पर सुविधाओं की कमी है। शोहरतगढ़ की यात्रा करने वाले राणा प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रेन का समय सही नहीं है। निर्धारित समय से लेट चलने के कारण कोई अपना काम भी नहीं कर पाता है। ट्रेन के निर्धारित समय से चलाए जाने की जरूरत है, जिससे यात्रियों को परेशानी न हो। गोरखपुर की यात्रा करने वाले अजहर ने बताया कि यहां ज्यादा परेशानी है। ठंड का सीजन शुरू हो गया है, स्टेशन पर टिनशेड नहीं होने से खुले में ही बैठककर ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है। प्लेटफार्म एक की टोटी पर काई जमा है। गंदगी के कारण पानी पीने की हिम्मत नहीं होती है। बोतल का पानी खरीदकर पीना पड़ता है। दो नंबर प्लेटफार्म की बात करें तो यहां पानी के लिए लगी टोटी टूट चुकी है। पानी गिरने से रोकने के लिए लकड़ी लगा दिया जाता है। जिससे पानी पीने में दिक्कत होती है।
---
बोले अधिकारी
प्लेटफार्म पर सफाई होती है। बंदर बार-बार टूटी तोड़ देते हैं। उसे लगवाया जाता है। जल्द ही व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। स्टेशन पर स्वच्छता एवं पेयजल की सुविधाएं बेहतर करने की कोशिश की जा रही है।
डीके उपाध्याय, स्टेशन मास्टर सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन