फायरिंग में दक्ष हुए एनसीसी के प्रतिभागी
बांसी। रतनसेन इंटर व पीजी कॉलेज में आयोजित एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन बृहस्पतिवार को हुआ। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार दिया गया।
47 यूपी बटालियन एनसीसी बस्ती का रतनसेन इंटर व पीजी कॉलेज में 22 दिसंबर से चल रहे शिविर में कैडेटों को हथियारों की तकनीकी जानकारी देने के साथ ही इन्हें संचालन करने में दक्ष किया गया। इस प्रशिक्षण कैंप में बस्ती मंडल के तीनों जनपद बस्ती सहित सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर स्थित इंटर व डिग्री कॉलेजों के कैडेटों ने प्रतिभाग किया।
कैंप कमांडेंट कर्नल प्रशांत कुमार ने कहा है कि विभिन्न जनपदों से आए कैडेटों को एनसीसी के उद्देश्यों के आधार पर प्रशिक्षण दिया गया है। कैडेटों में अनुशासन चरित्र निर्माण भाईचारा साहसिक कार्य की भावना और नि:स्वार्थ सेवा संचालित करने का कौशल विकसित करना है। इसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता का उदय करना है, ताकि इसे वह अपना करियर बना सकें और देश की सेवा में अग्रणी भूमिका निर्वहन करें।
कैडेटों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से डॉ. राजेंद्र बौद्ध ने कई जानकारियां साझा कीं। ले. डॉ. राजेश कुमार यादव, कैप्टन डॉ. संदीप कुमार सिंह, सूबेदार अनुज राणा, हवलदार प्रवीण तमंग, हवलदार सुजान थापा, ब्रिगेडियर दीपेंद्र रावत ने कैडेट्स को विविध जानकारी दी। शिविर के अंत में कैंप कमांडेंट कर्नल प्रशांत कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार दिया। इस अवसर पर ले. जितेंद्र कुमार सिंह शाही, अरविंद कुमार, धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।