उसका बाजार। नगर पंचायत क्षेत्र के राजेंद्रनगर वार्ड में गांव के सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे की शिकायत पर बुधवार को नायब तहसीलदार विजय कुमार ने राजस्व टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। स्थानीय निवासी देवेंद्र श्रीवास्तव की शिकायत पर पहुंची टीम ने कब्जाधारियों से अतिक्रमण हटाने को कहा और हिदायत दी कि अगर वह ऐसे नहीं करते हैं तो प्रशासन बल पूर्वक अतिक्रमण हटवाएगा। निरीक्षण स्थल से ईओ अभिनव श्रीवास्तव को फोन कर अतिक्रमण हटाने के लिए अग्रेतर कार्रवाई करने की भी बात कही। बता दें कि देवेंद्र श्रीवास्तव ने पड़ोसी की ओर से रास्ते पर अतिक्रमण करने की शिकायत नगर पंचायत प्रशासन से किया था। एक वर्ष बीत जाने के बाद भी प्रशासन द्वारा अतिक्रमण नही हटाया गया, इससे इन्हें अपने घर आने जाने में समस्या होती है। एक वर्ष के भीतर देवेंद्र लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाते रहे, थक हारकर 25 सितंबर को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर से इस संबंध में शिकायत की तब प्रशासन हरकत में आया। इस दौरान कानूनगो गिरीश चंद्र मिश्रा, लेखपाल राम करन गुप्ता, धर्मवीर श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।