अयोध्या के नागेंद्र दास ने राजस्थान के प्रदीप को दिखाया आसमान
बिस्कोहर(सिद्धार्थनगर)। राजकीय डिग्री कॉलेज के सामने आयोजित अखिल भारतीय राष्ट्रीय विराट कुश्ती दंगल में रविवार को पहले दिन रोमांचक मुकाबले में अयोध्या के पहलवान नागेंद्र दास ने राजस्थान के प्रदीप पहलवान को आसमान दिखा दिया। सोमवार को भी पहलवान दांव आजमाएंगे। दंगल में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, अयोध्या, आगरा, गोरखपुर, गाजीपुर एवं स्थानीय पहलवानों के बीच रोमांचक कुश्ती हो रही है।
दो दिवसीय कुश्ती दंगल के पहले दिन रविवार को 15 से अधिक मुकाबले हुए। पहले मुकाबले में नागेंद्र दास अयोध्या ने प्रदीप राजस्थान को चित करके जीत हासिल कर ली। दूसरा मुकाबला सुरेंद्र मेरठ व भूरा पहलवान कलियर के बीच हुआ। सुरेंद्र मेरठ ने कुश्ती जीत ली। तीसरा मुकाबला गूंगा पहलवान कारिया शरीफ व राजेश हरियाणा के बीच हुई। इसमें कारिया शरीफ के पहलवान गूंगा ने धोबी पछाड़ से पांच मिनट में मैच जीत लिया।
छोटा डॉन मेरठ व भूरा पहलवान बरेली के बीच मुकाबले में छोटा डॉन ने बरेली के भूरा पहलवान को आसमान दिखा दिया। सर्वेश तिवारी सिद्धार्थनगर ने गामा पहलवान आगरा को हराकर वाहवाही लूटी। रोमांचक दांव-पेच के दौरान दर्शकों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। स्वामी राम दिनेशाचार्य के पिता सिद्धनाथ तिवारी व माता फूलमती देवी ने फीता काटकर शुरुआत की। स्वामी राम दिनेशाचार्य, हनुमानगढ़ी अयोध्या के महंत बलराम दास, आयोजक बाबा अभिषेक दास, विवेकदास, राजेश्वरी चौबे, उमेश तिवारी, सुधीर कुमार रावत, अनिल जायसवाल, धीरज राय आदि मौजूद थे।